दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट में धुआं फैलने से यात्रियों में अफरा-तफरी

नई दिल्ली। दिल्ली से चेन्नई जा रहे इंडिगो के विमान में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक यात्री के पावर बैंक से अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते केबिन में आग की तेज लपटें दिखाई देने लगीं। उड़ान के दौरान हुई इस घटना से यात्रियों में दहशत फैल गई। हालांकि, केबिन क्रू ने तत्काल अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग पर काबू पा लिया। इसके बाद पायलटों ने एहतियातन विमान का रास्ता बदलकर हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारा। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित बताए गए हैं।

घटना इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-6115 में हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक यात्री के पावर बैंक में आग लगने की आशंका जताई गई है। बताया गया कि केबिन में धुआं दिखाई देने के बाद संबंधित हिस्से का कवर खोला गया तो आग की तेज लपटें नजर आईं। इससे विमान में मौजूद यात्रियों के बीच घबराहट फैल गई।

इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसे एक यात्री द्वारा रिकॉर्ड किए जाने का दावा किया गया है। वीडियो में केबिन के एक हिस्से से लपटें उठती दिखाई देती हैं। केबिन क्रू के सदस्य आग बुझाने में जुटे नजर आते हैं, जबकि कुछ यात्री भी स्थिति संभालने में मदद करते दिखाई दे रहे हैं।

धुआं उठते ही केबिन क्रू ने विमान में उपलब्ध सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल किया। स्थिति नियंत्रित होने के बावजूद पायलटों ने निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत उड़ान को चेन्नई ले जाने के बजाय हैदराबाद की ओर मोड़ दिया।

उपलब्ध उड़ान विवरण के अनुसार, एयरबस ए321नियो विमान का पंजीकरण नंबर वीटी-एनओई था। विमान ने दिल्ली से दोपहर करीब 1:30 बजे उड़ान भरी थी और उसे शाम चार बजे चेन्नई पहुंचना था। हालांकि, आग लगने का सटीक समय और केबिन में घटना का स्थान स्पष्ट नहीं हो सका है।

इंडिगो के प्रवक्ता ने बताया कि एक यात्री के निजी उपकरण से धुआं निकलने के बाद विमान को हैदराबाद डायवर्ट करने का फैसला लिया गया। केबिन क्रू की तत्परता से स्थिति नियंत्रित कर ली गई और विमान सुरक्षित उतर गया।

एयरलाइन ने यात्रियों की चेन्नई तक की यात्रा पूरी कराने के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की है। कंपनी ने अचानक उत्पन्न स्थिति से हुई असुविधा पर खेद जताते हुए बताया कि यात्रियों को जलपान उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही उन्हें उड़ान से संबंधित जानकारी भी दी जा रही है।