हरिनारायण राजभर ने 2014 के लोकसभा चुनाव में बसपा उम्मीदवार दारा सिंह चौहान को हराया था

लखनऊ: घोसी के पूर्व सांसद एवं पूर्व कारागार राज्य मंत्री हरिनारायण राजभर का लखनऊ में निधन हो गया। उनके निधन पर उनके समर्थकों में शोक की लहर फैल गयी। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के करीबी रहे हरिनारायण राजभर ने 2014 के लोकसभा चुनाव में बसपा उम्मीदवार दारा सिंह चौहान को हराया था।

हरिनारायण राजभर का जन्म 1 जनवरी 1950 में बलिया जनपद के टगुनिया गांव में हुआ था. आप बेल्थरा रोड विधानसभा सीट (सीयर) से कई बार विधायक निर्वाचित हुए और कल्याण सिंह सरकार में मंत्री बने।

बेल्थरा रोड विधानसभा सीट ( पूर्व में सीयर) पर 90 के दशक में दो नेताओं का आमना-सामना होता था। यहां सपा से पूर्व मंत्री शारदा नंद अंचल और भाजपा से हरि नारायण राजभर चुनाव लड़ते थे। चुनाव में हरिनारायण राजभर ने कई बार शारदा नंद अंचल को हराया तो कई बार उन्हें शारदा नंद अंचल ने शिकस्त दी। उनके निधन पर कैबिनेट मंत्री एके शर्मा, घोसी के सांसद राजीव राय, विधायक डॉ. एचएन पटेल समेत तमाम नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।