एक्सरे टेक्नीशियन व होम्योपैथिक फार्मासिस्ट के चयनित अभ्यर्थियों को बांटे गए नियुक्ति पत्र, सेवा भाव से कार्य करने का आह्वान

गणेश धर द्विवेदी

कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक्सरे टेक्नीशियन और होम्योपैथिक फार्मासिस्ट के चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। लोकभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के साथ जिले के चयनित अभ्यर्थियों के लिए स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम हुआ। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार युवाओं को रोजगार देने के अपने संकल्प को लगातार पूरा कर रही है। नियुक्ति पत्र प्राप्त कर रहे चयनित अभ्यर्थी इस बात का प्रमाण हैं कि भर्ती प्रक्रिया में बिना भेदभाव के युवाओं को अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न गांवों से चयनित छात्र-छात्राओं और युवाओं ने अपनी प्रतिभा के बल पर देवरिया का नाम रोशन किया है।

विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनता की सेवा का अवसर है। उन्होंने सभी से सेवा भाव, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए जनपद, प्रदेश और देश की सेवा करने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की वर्ष 2024 में शुरू हुई भर्ती प्रक्रिया के तहत जिले से 8 होम्योपैथिक फार्मासिस्ट और 5 एक्सरे टेक्नीशियन का चयन हुआ है। नियुक्ति पत्र मिलने से चयनित अभ्यर्थियों और उनके परिजनों में खुशी का माहौल रहा।

कार्यक्रम में सीडीओ राजेश कुमार, प्रभारी सीएमओ डॉ. एसके सिन्हा, एसीएमओ डॉ. अजीत कुमार सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ. विपिन रंजन, जिला होम्योपैथिक अधिकारी सहित आयुष विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।