ओमप्रकाश राजभर बोले—युवा रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा और किसानों का कल्याण सरकार की प्राथमिकता

गणेश धर द्विवेदी

जनता इंटर कॉलेज, सोनूघाट के मैदान में रविवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के तत्वावधान में सामाजिक समरसता रैली का आयोजन किया गया। रैली के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर रहे। रैली में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और क्षेत्रीय लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में सामाजिक एकता, भाईचारे, सर्वसमाज के सम्मान और विकास के मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए गए।

मुख्य अतिथि ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को आवास, शौचालय, बिजली, सड़क तथा अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि विकास का लाभ जाति और धर्म के आधार पर नहीं, बल्कि जरूरत और पात्रता के आधार पर जरूरतमंद लोगों तक पहुंचना चाहिए। युवा रोजगार और स्वरोजगार से जुड़ें, किसानों को सुविधाएं मिलें तथा महिलाओं और बहू-बेटियों को सुरक्षित वातावरण मिले, सरकार इन विषयों पर लगातार काम कर रही है।

चिकित्सा के क्षेत्र में अपने कार्यों का उल्लेख करते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि प्रदेश में चिकित्सा और इलाज के लिए सबसे अधिक धनराशि उपलब्ध कराने का काम यदि किसी ने किया है तो वह ओमप्रकाश राजभर ने किया है। उन्होंने कहा कि गरीब और जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पूर्वांचल राज्य की मांग का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यदि पूर्वांचल अलग राज्य बनता है तो सबसे पहला मुख्यमंत्री राजभर का बेटा बनेगा।

इसके बाद सुभासपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता राघवेंद्र राम द्विवेदी ने कहा कि अब डरने का समय नहीं है, बल्कि अपने हक की आवाज बुलंद करने और संगठन को मजबूत करने का समय है। उन्होंने कहा कि यदि राजभर समाज और उसके नेतृत्व पर कोई आंच आती है तो कार्यकर्ता मजबूती से अपनी आवाज उठाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आने के साथ विभिन्न राजनीतिक दल और नेता जनता के बीच अपने-अपने दावे लेकर आएंगे। ऐसे में जनता को बहुरूपिए रंग बदलकर आने वालों से सावधान रहने और उनके कार्यों तथा नीतियों को समझने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सभी को एकजुट होकर माननीय ओमप्रकाश राजभर के नेतृत्व को आगे बढ़ाने के लिए कार्य करना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य एवं सुभासपा के पूर्वांचल प्रदेश अध्यक्ष विच्छेलाल राजभर ने कहा कि वह स्वयं एक गरीब परिवार से आते हैं और आज जिस मुकाम पर पहुंचे हैं, उसमें राजभर समाज के साथ-साथ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रति निष्ठा और समर्पण के साथ काम करने वाले कार्यकर्ताओं को संगठन में आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं इसका उदाहरण हैं।

कार्यक्रम प्रभारी एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र सिंह ने रैली में पहुंचे कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने पंचायती राज विभाग से जुड़ी योजनाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में उनके माध्यम से किए जा रहे विकास कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गांवों के विकास के लिए सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना जरूरी है। जितेंद्र सिंह ने कहा कि अब डरने का समय नहीं है और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर अपनी आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता ओमप्रकाश राजभर को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं और उनके मुख्यमंत्री बनने का सपना देखते हैं।

रैली में वक्ताओं ने कहा कि गांवों में सड़क, आवास, शौचालय, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है। जरूरतमंद परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। वक्ताओं ने कहा कि कल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने लोगों से सरकारी योजनाओं की जानकारी लेने और पात्र होने पर उनका लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम में सुभासपा की संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक समरसता को लेकर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि समाज में आपसी भाईचारा, सहयोग और एक-दूसरे के सम्मान की भावना को मजबूत करना आवश्यक है। रैली में क्षेत्र के विभिन्न वर्गों के लोगों की भागीदारी रही।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे:

जितेंद्र सिंह, कार्यक्रम प्रभारी एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य; विच्छेलाल राजभर, सह प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष पूर्वांचल एवं एमएलसी, उत्तर प्रदेश; राघवेंद्र राम द्विवेदी, मुख्य प्रदेश प्रवक्ता, सुभासपा; सुनीता राजभर, महासचिव, राष्ट्रीय महिला सभा; अनुप राजभर, जिलाध्यक्ष, सुभासपा सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।