बैटरी-इनवर्टर, मोटर व नकदी बरामद
गणेश धर द्विवेदी
खुखुन्दू थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दो बैटरी, एक इनवर्टर, दो एचपी की एक मोटर और 9,200 रुपये नकद बरामद किया।पुलिस के अनुसार सभी आरोपी चोरी के मुकदमे में वांछित थे।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सलेमपुर गौरव सिंह के पर्यवेक्षण में की गई। खुखुन्दू पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार को खुखुन्दू बाजार से गांव की ओर जाने वाले रास्ते के पास घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, 10 सितंबर को चोरी की घटना के संबंध में मुकदमा संख्या 223/2026 दर्ज किया गया था। मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के बाद तेजी से सुरागरसी करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
गिरफ्तार आरोपियों में राजा उर्फ राज गौतम, करन बासफोर, आकाश कुमार, सौरभ कुमार उर्फ टाइगर और जावेद खान उर्फ भोला शामिल हैं। सभी खुखुन्दू थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राजा उर्फ राज गौतम का पूर्व में भी तीन मुकदमों में आपराधिक इतिहास दर्ज है।
पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रामबहादुर, दिनेश कुमार, लवकुश कुमार समेत कांस्टेबल राशिद हुसैन, मनीष कुशवाहा, विनय कुमार यादव, विनोद यादव द्वितीय, सूरज यादव और संदीप यादव शामिल रहे।
