• फसलों के नुकसान का जायजा लेगा भाकियू अरा का प्रतिनिधिमंडल


लखनऊ। ओलावृष्टि से हुई फसलों की भारी नुकसान की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक का एक प्रतिनिधिमंडल बुंदेलखंड के जनपदों का दौरा करेगा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को वस्तु स्थिति से अवगत कराएगा। प्रतिनिधिमंडल 11 अप्रैल से 17 अप्रैल तक बुंदेलखंड के जालौन, हमीरपुर, बांदा, झांसी, महोबा, ललितपुर एवं चित्रकूट का व्यापक दौरा करेंगे।


भाकीयू के प्रदेश अध्यक्ष हरिनाम सिंह वर्मा का कहना है कि इस प्रस्तावित दौरे के दौरान किसानों से सीधे संवाद स्थापित कर फसल नुकसान की जमीनी हकीकत का आंकलन किया जाएगा। साथ ही कृषि विभाग एवं मंडी से जुड़े अधिकारियों द्वारा निचले स्तर पर तैयार की जा रही रिपोर्टों की सत्यता का भी परीक्षण किया जाएगा, क्योंकि लगातार यह शिकायतें प्राप्त हो रही हैं कि उच्च अधिकारियों एवं शासन को भ्रामक एवं अपूर्ण जानकारी दी जा रही है।


हरिनाम सिंह वर्मा का कहना है कि दौरे के उपरांत एक विस्तृत एवं तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार कर मुख्यमंत्री को प्रेषित की जाएगी, जिससे वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जा सके और किसानों को न्याय मिल सके।