झारखंड सरकार का फैसला, धनबाद, खूंटी, जामताड़ा और गिरिडीह के जिला अस्पताल अब मेडिकल कॉलेज के रूप में विकसित होंगे

कौस्तुभ कुमार मलयज

झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने राज्य में स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक छलांग लगाई है। राज्य सरकार के फैसले के तहत धनबाद, खूंटी, जामताड़ा और गिरिडीह के जिला अस्पताल अब मेडिकल कॉलेज के रूप में विकसित होंगे। यह निर्णय आने वाले समय में लाखों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगा।

इस ऐतिहासिक पहल के पीछे दूरदर्शिता, मेहनत और मजबूत इच्छाशक्ति साफ झलकती है। महज एक वर्ष के कार्यकाल में 4 मेडिकल कॉलेज की सौगात देना यह दर्शाता है कि जब सोच बड़ी हो और नीयत साफ हो, तो बदलाव निश्चित है।

राज्य में 4 मेडिकल कॉलेज की सौगात से यह तस्वीर तो साफ हो गई कि अब झारखंड के युवाओं को मेडिकल शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। राज्य में डॉक्टरों की कमी दूर होगी और जिले स्तर पर ही बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी। इससे रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य में 4 मेडिकल कॉलेजों स्थापना का निर्णय सिर्फ एक निर्णय नहीं बल्कि झारखंड के उज्जवल भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार राज्य को विकास के नए शिखर पर पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।