गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया शिक्षकों को सम्मानित

निखिल पांडेय 

गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के 1 लाख 43 हजार शिक्षा मित्रों का मानदेय 10 हजार से बढाकर 18 हजार रुपए प्रतिमाह किया गया है l योगी ने कहा कि यही नहीं शिक्षा मित्रों के लिए मानदेय में वृद्धि के साथ 5 लाख रुपए स्वास्थ्य हेतु कैशलेस सुविधा के साथ-साथ सामाजिक सुरक्षा भी सरकार ने देने जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा वर्तमान सरकार शिक्षा के लिए पूरी क्षमता से कार्य कर रही है l उत्तर प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में एक मॉडल देश को देने की ओर अग्रसर है l अटल आवास विद्यालय सी एम कामपोजिट विद्यालय मॉडल के रूप में हैं l

उक्त बातें गोरखपुर में गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में शिक्षकों के सम्मान समारोह और गोरखपुर में 14 करोड़ की लागत से बने टू लेन कनेक्टिंग ओवरब्रिज के उद्घाटन के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी ने कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज को सकारात्मक रखने की जिम्मेदारी शिक्षकों की है। सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने और देश हित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने जरूरत है। जुलाई से स्कूल खुलने पर विद्यालय के शिक्षक ये जिम्मेदारी ले कि हर बच्चा स्कूल तक पहुंचे l बच्चों को प्यार से समझाया जाए औऱ उनके अंदर शिक्षा के प्रति उत्सुकता पैदा की जाए। उन्होंने कहा कि परिवार का तनाव घर तक रखें, शिक्षक विद्यालय में तनावमुक्त होकर सकारात्मक मन से शिक्षण कार्य करें। 


मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत प्रगति कर रहा है तो उत्तर प्रदेश पीछे नहीं रह सकता औऱ अगर उत्तर प्रदेश प्रगति कर रहा है, तो गोरखपुर पीछे नहीं रह सकता l गोरखपुर चाहुमुखी विकास कर रहा है जिसका परिणाम आज दिख रहा है l अब जिम्मेदारी नागरिकों की है l व्यवस्था शहर को सुन्दर औऱ सशक्त बना रही है तो नागरिकों की जिम्मेदारी है कि इसको संजो कर रखे l व्यक्तिगत जिम्मेदारी औऱ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा सुन्दर समाज का निर्माण करेगा l

इस अवसर पर बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह, मंत्री संजय निषाद, सांसद रविकिशन, जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह, विधायक विपिन सिंह, विमलेश पासवान, सरवन निषाद, महेन्द्र पाल सिंह, श्रीराम चौहान, राजेश त्रिपाठी, प्रदीप शुक्ला, धर्मेंद्र सिंह व चारु चौधरी सहित अन्य गणमान्य मौजूद थे।