सांसद राकेश राठौर, पूर्व सांसद कनकलता सिंह समेत कई वक्ताओं ने रखे विचार, लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुटता पर जोर
गणेश धर द्विवेदी
जनसमस्याओं को आवाज देने और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के सवाल पर मंगलवार को देवरिया में आयोजित ‘लोक हुंकार’ जनसंवाद कार्यक्रम में विभिन्न जन संगठनों और नागरिक समूहों ने एकजुटता दिखाई। मोहन सिंह प्रेक्षागृह, टाउन हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय एवं क्षेत्रीय समस्याओं, लोकतांत्रिक अधिकारों और जन आंदोलनों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के खिलाफ चल रहे आंदोलन के समर्थन में प्रस्ताव पारित कर उसके प्रति एकजुटता व्यक्त की गई।
‘लोक हुंकार’ जनता की आवाज़’ साझा मंच के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य वक्ता सांसद राकेश राठौर, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव विनय शंकर तिवारी और पूर्व सांसद कनकलता सिंह ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए व्यापक जनभागीदारी और लोकतांत्रिक एकजुटता जरूरी है। उन्होंने जनता की समस्याओं को साझा मंच पर उठाने और सामूहिक प्रयासों के जरिए उनके समाधान की दिशा में आगे बढ़ने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में राम किशोर वर्मा, हीरा मास्टर, चंद्रभूषण यादव, संगीता कुशवाहा, जेपी पांडेय, सतीश चंद्र त्रिपाठी, अवनीश चौरसिया, मुमताज अली, माया दुबे और सुदामा त्यागी समेत अन्य वक्ताओं ने भी अपनी बात रखी। चर्चा के दौरान जन आंदोलनों की भूमिका और नागरिकों की लोकतांत्रिक भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया गया। एसआईआर के खिलाफ आंदोलन के समर्थन में पारित प्रस्ताव कार्यक्रम का प्रमुख हिस्सा रहा। वक्ताओं ने लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा तथा जनहित के सवालों पर सामूहिक संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।
आयोजकों ने कार्यक्रम में सहयोग के लिए कांग्रेस के नगर अध्यक्ष मिर्जा खुर्शीद अहमद, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष व्यास यादव, माले के जिला अध्यक्ष श्रीराम कुशवाहा और किसान यूनियन के बड़े शाही के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम के संयोजक प्रो. देवेश दुबे एवं अशोक भारती तथा क्षेत्रीय संयोजक अशोक कुमार कुशवाहा ने वक्ताओं, जन संगठनों और उपस्थित नागरिकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि ‘लोक हुंकार’ जनता की समस्याओं को सामने लाने और लोकतांत्रिक संवाद को आगे बढ़ाने के लिए साझा मंच के रूप में सक्रिय रहेगा।
