सूबे के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी हजारीबाग अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे थे, जहां पत्रकारों ने मंत्री से कुछ सवाल किया, जवाब आता कि इतने में वहां मौजूद कुछ लोग पत्रकारों पर हमलावर हो गए

कौस्तुभ कुमार मलयज

झारखंड के हजारीबाग में पत्रकारों पर हमला किए जाने की खबर है। बताया जा रहा कि सूबे के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी मंगलवार को हजारीबाग अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे थे, जहां पत्रकारों ने स्वास्थ्य मंत्री से कुछ सवाल किया, जवाब आता कि इतने में वहां मौजूद कुछ लोग पत्रकारों पर हमलावर हो गए। उस दौरान वहां मंत्री के साथ सुरक्षा व्यवस्था में लगा पुलिस और प्रशासनिक अमला मौजूद रहा। सोशल मीडिया पर इस घटना की वीडियो भी खूब वायरल हो रही है। वायरल वीडियो में हमले की तस्वीर साफ दिख रही है। इस घटना के बाद पत्रकारों में काफी रोष व्याप्त है। उधर, बताया जा रहा है कि जिस पत्रकार की हमलावरों ने पिटाई की, उस पीड़ित पत्रकार ने स्थानीय थाने में तहरीर देकर दोषियों पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई करने की मांग की है।

भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ(BSPS) की झारखण्ड राज्य इकाई झारखण्ड जर्नलिस्ट एसोसियेशन(JJA) ने कड़ी निंदा की है। बीएसपीएस के राष्ट्रीय सचिव चंदन मिश्रा ने कहा है कि जो जानकारी प्राप्त हुई है, वह बहुत ही गंभीर और शर्मनाक है, इसकी जितनी भी निंदा की जाए वह कम है। एक पत्रकार राज्य के स्वास्थ मंत्री से जब प्रश्न पूछता है, तो मंत्री के समक्ष ही उसकी पिटाई कर दी जाती है। उस समय वहां मौजूद प्रशासनिक अमला भी मौन रहता है। कहा कि यह हमला किसी एक अथवा दो पत्रकार पर नहीं किया गया है, यह हमला लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर है। भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ(BSPS) एवं झारखण्ड राज्य इकाई झारखण्ड जर्नलिस्ट एसोसियेशन(JJA) कड़ी निंदा करता है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कर अविलंब गिरफ्तारी की मांग करता है।

झारखण्ड जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संपूर्णा नंद भारती ने कहा है कि पत्रकारों को निशाना बनाकर हमला करने वाले लोकतंत्र के लिए खतरा हैं, ऐसे लोगों की अविलंब हो गिरफ्तारी होनी चाहिए। बीएसपीएस एवं जेजेए के संस्थापक शाहनवाज हसन ने कहा कि झारखण्ड में पत्रकारों के साथ लगातार बदसलूकी की घटनाएं बढ़ रही हैं। इस पर रोक लगाने को लेकर संगठन ने झारखण्ड सहित राष्ट्रीय स्तर पर धरना प्रदर्शन कर "पत्रकार सुरक्षा कानून" लागू करने की मांग राज्य व केंद्र सरकार से की है। कहा कि सवाल पूछने पर मंत्री के समक्ष पत्रकार के साथ मारपीट की जाती है और इसके विरुद्ध कार्रवाई के स्थान पर प्रशासन मूकदर्शक बने रहता है यह शर्मशार करने वाली घटना है।

इस मामले को लेकर राष्ट्रीय संयुक्त सचिव विष्णु शंकर उपाध्याय, प्रदेश सचिव जावेद इस्लाम, हजारीबाग जिला अध्यक्ष कृष्णा गुप्ता, उपाध्यक्ष अर्जुन सोनी, अजय मिश्रा सहित हजारीबाग जेजेए और प्रेस क्लब के सदस्यों ने भी कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कार्रवाई की मांग की है।