गणेश धर द्विवेदी

भाजपा किसान मोर्चा देवरिया नगर मंडल के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर सिंचाई विभाग चौराहे स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर चर्चा की गई।

सादगीपूर्ण जीवन से कायम की मिसाल

कार्यक्रम में किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष पवन कुमार मिश्र ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री का जीवन सादगी, ईमानदारी और देशभक्ति की मिसाल रहा। उन्होंने विषम परिस्थितियों में भी दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ देश का नेतृत्व किया। वर्ष 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान उन्होंने देश का नेतृत्व करते हुए सेना का मनोबल बढ़ाया।

‘जय जवान, जय किसान’ से दिया एकजुटता का संदेश

पूर्व मीडिया प्रभारी अम्बिकेश पाण्डेय ने कहा कि देश में अन्न संकट के समय शास्त्री जी ने लोगों से एक समय कम भोजन करने की अपील की और इसकी शुरुआत अपने परिवार से की। उन्होंने देश के जवानों और किसानों का मनोबल बढ़ाने के लिए ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा दिया। उनके प्रयासों ने कृषि एवं दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में आगे बढ़ने की दिशा मजबूत की।

कार्यकर्ताओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि

कार्यक्रम में अरुण कुमार मिश्र, विजय कुशवाहा, डॉ. विनोद पाण्डेय, वीरेंद्र पाठक, विजेंद्र चौहान, हरिनाथ त्रिपाठी और अशोक उपाध्याय सहित किसान मोर्चा के कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने शास्त्री जी के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।