धूल/डस्ट के नीचे छिपाकर बिहार ले जाई जा रही अवैध शराब जब्त

​गणेश धर द्विवेदी

जनपद में अपराधियों और अवैध शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने सोनूघाट पर चेकिंग के दौरान 1 ट्रक में सफेद बोरियों के डस्ट के नीचे छिपाकर रखी गई चंडीगढ़ निर्मित 310 पेटी (2499.66 लीटर) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

​पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनन्द कुमार पाण्डेय के कुशल निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस टीम सोनूघाट पर संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर एक संदिग्ध ट्रक (HR37D2790) को रोका गया। तिरपाल हटाकर जांच करने पर सफेद बोरियों में भरी डस्ट के नीचे छिपाई गई ग्रांड पार्टी वोडका और अंकल टाम ब्रांड की 310 पेटी अवैध शराब बरामद हुई, जिसे बिहार ले जाया जा रहा था। अभियुक्त: तैय्यब, निवासी पैना थाना बरहज और सुशील सिंह, निवासी अहलाद पुर मर्करी थाना रुद्रपुर के पास से 135 पेटी (750ML), 70 पेटी (375ML), 61 पेटी (180ML) ग्रांड पार्टी वोडका, 44 पेटी अंकल टाम (750ML) शराब तथा 1 ट्रक को कब्जे में ले लिया। बरामद शराब की कीमत लगभग ₹35 लाख और ट्रक की कीमत लगभग ₹45 लाख आंकी गई है।

​मामले में थाना कोतवाली पर मु0अ0सं0 0628/2026 धारा 63/72 आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। सफलता पाने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण राय, उ0नि0 विनय कुमार सिंह, उ0नि0 रविन्द्र नाथ चौबे व अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।