जापान के आईची-नागोया में होने वाले 20वें एशियन गेम्स में सेपकटकरा में दिखेगा जलवा
नागालैंड की बेटियां एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर भारत का परचम बुलंद करने के लिए तैयार हैं। जापान में होने वाले 20वें एशियन गेम्स में राज्य की चार महिलाएं सेपकटकरा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। इनमें दो खिलाड़ी के रूप में मैदान में उतरेंगी, जबकि दो भारतीय महिला टीम को बतौर कोच अपनी सेवाएं देंगी।
एशियाई खेल अगले महीने की 19 तारीख से जापान के आईची-नागोया में शुरू होंगे। भारतीय दल के लिए मेनेनु सुकरू और सेयेखिएनो तेपा का चयन सेपकटकरा खिलाड़ी के तौर पर किया गया है। वहीं, पुलेनो नीखा और पुंगोटोलू पुरो भारतीय महिला सेपकटकरा टीम की कोच होंगी।
नागालैंड के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि सेपकटकरा में राज्य की मजबूत मौजूदगी लंबे समय से बनी हुई है। वर्ष 2010 के बाद से यह लगातार पांचवां एशियन गेम्स होगा, जिसमें नागालैंड के सेपकटकरा खिलाड़ी और कोच भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार मिल रही यह जिम्मेदारी सेपकटकरा में नागालैंड की प्रतिभा और मजबूत खेल परंपरा को भी दर्शाती है। इस बार चार महिलाओं का भारतीय दल में शामिल होना राज्य के लिए एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
