अपील : संकट की घड़ी में देश की कोई भी महिला महिला आयोग के हेल्पलाइन नंबर 14490 पर करें कॉल, मिलेगी मदद
सेंट्रल डेस्क, नई दिल्ली
देश के 6 राज्यों में महिला आयोग के गठन को लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने कहा, क्रियाशील हैं आयोग बहुत जल्द होगा 6 राज्यों में महिला आयोग का गठन। कहा, महिलाओं की उत्पीड़न की हर समस्या का समाधान राष्ट्रीय महिला आयोग देगा। देश की राजधानी में बीते दिनों महिला आयोग ने महिलाओं के मुद्दे को लेकर मीडिया मंथन का आयोजन किया गया, जहां संवेदनशील पत्रकारिता विषय पर चर्चा के दौरान राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने उक्त जानकारी साझा की।
इस दौरान आयोग की अध्यक्षा ने कहा कि जिम्मेदार पत्रकारिता सिर्फ खबरों तक सीमित ना हो। पत्रकारों की भूमिका हमेशा खास रही है। मीडिया जो लिखता है,वह दिखता है। उससे ना सिर्फ सामाज में परिवर्तन और जागरूकता फैलती है, बल्कि संवेदनशील मुद्दों पर पीड़ित को न्याय भी दिलाती है । उन्होंने लिंग संवेदनशील रिपोर्टिंग की भूमिका पर विशेष रूप से कहा कि महिलाओं के अधिकार, न्याय और गरिमा को बढ़ाने की दिशा में काम करना चाहिए। सत्य के प्रति हम सभी की प्रतिबद्धता है। महिलाओं की आवाज को सम्मान देना है, लेकिन उसे सनसनीखेज नहीं बनाना चाहिए।
आयोजित मीडिया मंथन में बदलते मीडिया, नैतिकता, कानून, जिम्मेदारियों पर भी विशेष चर्चा हुई। विशेष सत्र में शब्दों, भाषा के प्रभाव जैसे विषयों पर भी गहन चर्चा हुई, जिसमें सुप्रीम कोर्ट की वरिष्ठ वकील डॉ. पिंकी आनंद, एनसीडब्ल्यू के विधि अधिकारी मनमोहन वर्मा, प्रसार भारती की स्वाति गुप्ता, भारतीय जनसंचार संस्थान की कुलपति डॉ. प्रज्ञा पालीवाल गौर ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के तहत टू साइबर सखी और रिपोर्टिंग विद डिग्निटी पुस्तक का भी विमोचन किया गया, जो पत्रकारों को नैतिक रिपोर्टिंग और डिजिटल सुरक्षा की जानकारी प्रदान करेगी।
इस मीडिया मंथन को सफल बनाने के लिए भारत सरकार की महिला आयोग की अध्यक्ष के नेतृत्व में शिवम गर्ग, सना कौशल, आनंद प्रकाश श्रीवास्तव, ऋतिक मलेठा, कनिष्का शुक्ला, मनस्वीनी मोहन की भूमिका प्रमुख रूप से रही। देश भर से आए संपादक और पत्रकारों ने महिला आयोग के कानूनी विशेषज्ञों से महिलाओं से जुड़े विषयों पर जिम्मेदारियां, संभावनाओं और चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। इसका उद्घाटन आयोग की अध्यक्ष ने दीप प्रज्जवलित कर किया। इस अवसर पर अतिरिक्त सचिव बी. राधिका चक्रवर्ती, सदस्य सचिव सुदीप जैन, आयोग की मीडिया टीम के शिवम गर्ग, सना कौशल, आनंद प्रकाश श्रीवास्तव, ऋतिक मलेठा, कनिष्का शुक्ला मनस्वीनी मोहन मुख्य रूप से मौजूद रहे।