- अधिकांश सर्वे में 88 से 100 सीटों का अनुमान। 4 मई को मतगणना
सेंट्रल डेस्क, नई दिल्ली : असम विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को जारी एग्जिट पोल में सत्ताधारी नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस की स्थिति बेहद मजबूत दिखाई दे रही है। विभिन्न एजेंसियों के आंकड़ों में एनडीए को भारी बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करते हुए दिखाया गया है। अगर ये अनुमान सही साबित होते हैं तो राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटकर हैट्रिक बना सकती है।
AXIS MY INDIA के एग्जिट पोल के अनुसार असम में एनडीए को 88 से 100 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं कांग्रेस को 24 से 36 सीटों तक सीमित दिखाया गया है, जबकि अन्य दलों को 0 से 3 सीटें मिल सकती हैं।
मेट्रिज के एग्जिट पोल में भी एनडीए को बढ़त दी गई है, जहां उसे 85 से 95 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस को 25 से 32 सीटें और अन्य को 6 से 12 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है।
पोल डायरी के सर्वे में एनडीए को 86 से 101 सीटें मिलती नजर आ रही हैं, जबकि कांग्रेस को 15 से 26 सीटें और अन्य दलों को 3 से 7 सीटें मिलने का अनुमान है।
जेवीसी के एग्जिट पोल में भी एनडीए की स्थिति मजबूत है, जहां उसे 88 से 101 सीटें मिलने की संभावना है। कांग्रेस को 23 से 33 सीटें और अन्य को 2 से 5 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है।
वहीं पोल ऑफ एग्जिट पोल्स के मुताबिक एनडीए को ठीक 88 सीटें, कांग्रेस को 27 और अन्य को 6 सीटें मिलने का अनुमान है।
126 सदस्यीय असम विधानसभा के लिए मतगणना 4 मई को होगी। इसी दिन तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, केरल और पुडुचेरी के नतीजे भी घोषित किए जाएंगे। एग्जिट पोल के इन आंकड़ों से साफ संकेत मिल रहा है कि असम में एनडीए की स्थिति मजबूत बनी हुई है और विपक्ष के लिए सत्ता तक पहुंचना आसान नहीं होगा। हालांकि अंतिम फैसला मतगणना के बाद ही सामने आएगा।
कुल मिलाकर, एग्जिट पोल के रुझान बताते हैं कि असम में भाजपा के नेतृत्व वाला गठबंधन लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी कर सकता है और राजनीतिक हैट्रिक बना सकता है।
