गणेश धर द्विवेदी
किशोर न्याय (बालकों के देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम-2015 के प्रभावी क्रियान्वयन और बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष किशोर पुलिस इकाई (एसजेपीयू) की मासिक समीक्षा बैठक मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित मनोरंजन कक्ष/प्रेक्षागृह में आयोजित हुई। बैठक में बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इस दौरान सीडब्ल्यूसी की अध्यक्षा सावित्री राय, डॉ. संजय कुमार गुप्ता, बाल संरक्षण अधिकारी जयप्रकाश तिवारी, प्रभारी एएचटी सुरेश कुमार वर्मा, चाइल्ड हेल्पलाइन के कोऑर्डिनेटर गणेश सिंह, वन स्टॉप सेंटर की प्रबंधक नीतू भारती, मनोवैज्ञानिक मीनू जायसवाल, अनुराधा राज, जागृति विभा पाण्डेय तथा रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट देवरिया सदर के प्रभारी निरीक्षक अमरनाथ समेत जिले के विभिन्न थानों और इकाइयों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
बैठक में बाल अपराधों की रोकथाम, संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों की पहचान, चाइल्ड हेल्पलाइन की भूमिका तथा बच्चों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। उपस्थित अधिकारियों और पदाधिकारियों ने बाल संरक्षण को लेकर अपने विचार साझा किए और आपसी समन्वय मजबूत करने की आवश्यकता बताई।
अधिकारियों ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। बैठक का संचालन बाल संरक्षण अधिकारी जयप्रकाश तिवारी ने किया। बैठक में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
