त्योहारों से पहले सलेमपुर में पुलिस का पैदल मार्च, एसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था, मझौली राज तिराहा और नदावर घाट पहुंचकर विसर्जन मार्ग का भी लिया जायजा

गणेश धर द्विवेदी

आगामी दुर्गा पूजा एवं अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए देवरिया पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने पुलिस बल के साथ सलेमपुर कस्बे में पैदल गश्त कर सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। एसपी के सड़क पर उतरने से बाजार और प्रमुख चौराहों पर पुलिस की सक्रियता दिखाई दी।

पुलिस अधीक्षक ने कस्बे के विभिन्न भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने आमजन से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को त्योहारों के दौरान पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने तथा लोगों में सुरक्षा की भावना बनाए रखने के निर्देश दिए।

एसपी ने भीड़भाड़ वाले स्थानों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार प्रभावी गश्त एवं निगरानी रखने के निर्देश दिए। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की प्रभावी चेकिंग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक मझौली राज तिराहा एवं नदावर घाट पहुंचे। उन्होंने दुर्गा पूजा के अवसर पर स्थापित प्रतिमाओं के आवागमन और विसर्जन के लिए निर्धारित रूट का स्थलीय निरीक्षण किया। मार्ग की स्थिति, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों को परखते हुए उन्होंने भीड़ नियंत्रण तथा प्रतिमा विसर्जन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

एसपी ने पूजा पंडालों और प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, नियमित गश्त करने तथा आयोजकों और स्थानीय लोगों के साथ समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर नजर रखते हुए तत्काल कार्रवाई की जाए।

इस दौरान क्षेत्राधिकारी सलेमपुर गौरव सिंह, प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। देवरिया पुलिस ने आमजन से शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।