गणेश धर द्विवेदी
ओमान तट के निकट समुद्री हादसे में जान गंवाने वाले ग्राम सुरौली निवासी शिवानंद चौरसिया के परिवार की मुश्किलें हादसे के महीनों बाद भी कम नहीं हुई। परिवार के सामने रोजमर्रा की जरूरतों के साथ बच्चों के भविष्य की चिंता भी खड़ी है।
ऐसे में समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव नवीन कुमार चौरसिया ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर पीड़ित परिवार के लिए 21 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी देने की मांग उठाई है।
पत्र में कहा गया है कि शिवानंद चौरसिया परिवार के प्रमुख कमाऊ सदस्य थे। समुद्री हादसे में उनकी मौत के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कठिन हो गई। पत्नी और बच्चों के सामने भरण-पोषण तथा भविष्य को लेकर गंभीर संकट पैदा हो गया है। परिवार का कहना है कि हादसे के बाद प्रशासनिक स्तर पर उनकी समस्याओं को सुना गया और हरसंभव सहायता का भरोसा भी दिया गया, लेकिन अब तक अपेक्षित राहत नहीं मिल सकी है।
सपा नेता ने जिलाधिकारी से पूरे मामले को मानवीय संवेदनशीलता के साथ देखते हुए शासन स्तर पर तत्काल प्रभावी पैरवी करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मृतक के परिवार को 21 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ उनकी पत्नी को नियमानुसार सरकारी सेवा में नियुक्ति दिलाई जाए, ताकि परिवार को स्थायी सहारा मिल सके।
उन्होंने यह भी मांग की कि परिवार को सरकार की पात्रता आधारित आर्थिक एवं सामाजिक कल्याण योजनाओं का लाभ दिलाया जाए तथा पूर्व में दिए गए आश्वासन के अनुपालन की स्थिति से परिवार को अवगत कराया जाए।
पत्र में कहा गया है कि यदि पीड़ित परिवार की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो परिवार के साथ समाज के लोगों को धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
