35 से 40 हजार यूएसडीटी की फिरौती का खेल! अपहरण कांड में एक आरोपी मऊ से गिरफ्तार, युवक सकुशल बरामद

गणेश धर द्विवेदी

महुआडीह थाना क्षेत्र में युवक के अपहरण और फिरौती मांगने के प्रयास के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को मऊ जनपद के रानीपुर थाना क्षेत्र से दबोचा । वहीं, पुलिस टीम पहले ही अपहृत युवक को गोरखपुर के पैडलेगंज चौराहे के पास से सकुशल बरामद कर चुकी है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर को रामपुर दूबे निवासी विजयलक्ष्मी देवी ने महुआडीह थाने में सूचना दी थी कि उनका 23 वर्षीय पुत्र आयुष सिंह बलटिकरा मुख्य मार्ग पर पंचर की दुकान के पास मौजूद था। इसी दौरान काले रंग की टाटा हैरियर में सवार कुछ लोगों ने उसे जबरन वाहन में बैठाकर अपहरण कर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के जरिए अपहृत युवक की तलाश तेज की गई। पुलिस की सक्रियता के परिणामस्वरूप 29 सितंबर को आयुष सिंह को गोरखपुर के पैडलेगंज चौराहे के पास से सकुशल बरामद कर लिया गया।

विवेचना और पीड़ित के बयान में सामने आया कि आरोपियों ने युवक को जबरन वाहन में बैठाने के बाद उसके साथ मारपीट की थी। इसके बाद उसके परिचित से व्हाट्सऐप के माध्यम से करीब 35 से 40 हजार यूएसडीटी की फिरौती मांगने का प्रयास किया गया। जांच में अभिषेक चौहान की भूमिका सामने आने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक अभिषेक घटना के दौरान अन्य आरोपियों को सहयोग करने तथा व्हाट्सऐप के जरिए फिरौती मांगने में सहयोग कर रहा था। गिरफ्तार आरोपी अभिषेक चौहान पुत्र पप्पू चौहान, ग्राम चाल्हा पोस्ट खिरिया, थाना रानीपुर, जनपद मऊ का निवासी है और उसकी उम्र करीब 23 वर्ष है।

पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में हुई कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार राय, उपनिरीक्षक प्रभात सिंह, आरक्षी राम प्रदीप बिंद, सुभाष यादव और सूरज सिंह कुशवाहा शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। अन्य आरोपियों की तलाश के साथ टाटा हैरियर वाहन और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को लेकर विवेचना जारी है।