डाक जीवन बीमा में 20 हजार से 50 लाख रुपये तक की बीमा राशि का विकल्प, पात्र लोगों के लिए कई योजनाएं उपलब्ध

बिजनौर : भविष्य की आर्थिक सुरक्षा के लिए बीमा जरूरी है, लेकिन अधिक प्रीमियम अक्सर लोगों को पीछे हटने पर मजबूर करता है। ऐसे लोगों के लिए भारतीय डाक विभाग की डाक जीवन बीमा योजना कम प्रीमियम और बोनस के साथ एक विकल्प उपलब्ध कराती है। नगर के मुख्य बाजार स्थित डाकघर के सहायक डाकपाल अभिषेक मल्होत्रा ने डाक जीवन बीमा की विभिन्न योजनाओं, पात्रता और मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि डाक जीवन बीमा के तहत अलग-अलग जरूरतों के अनुसार सम्पूर्ण जीवन बीमा (सुरक्षा), परिवर्तनशील सम्पूर्ण जीवन बीमा (सुविधा), मियादी बीमा (संतोष), प्रत्याशित सावधि बीमा (सुमंगल), संयुक्त जीवन सावधि बीमा (युगल सुरक्षा) और बाल जीवन बीमा जैसी योजनाएं उपलब्ध हैं।

योजना में न्यूनतम बीमा राशि 20 हजार और अधिकतम 50 लाख रुपये तक है। प्रवेश की आयु सीमा 19 से 55 वर्ष बताई गई है। प्रीमियम पर आयकर की धारा 80-सी के तहत कर लाभ का प्रावधान है। जरूरत पड़ने पर पॉलिसी पर ऋण लेने और उसे समर्पित करने की सुविधा भी उपलब्ध है। प्रीमियम किसी भी डाकघर में नकद, चेक अथवा ऑनलाइन माध्यम से जमा किया जा सकता है।

डाक जीवन बीमा का लाभ केंद्र और राज्य सरकार के कर्मचारी, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, स्वायत्त निकायों, रक्षा एवं अर्धसैनिक बलों, राष्ट्रीयकृत व वाणिज्यिक बैंकों, विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के कर्मचारी ले सकते हैं। इसके अलावा डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, अधिवक्ता, सहकारी समितियों के कर्मचारी तथा पात्र स्नातक और डिप्लोमा धारक पेशेवर भी इसके दायरे में आते हैं।

अभिषेक मल्होत्रा ने 10 लाख रुपये के बीमा का उदाहरण देते हुए बताया कि वर्तमान बोनस दर के आधार पर 20 वर्ष का युवा यदि 60 वर्ष की परिपक्वता आयु तक पॉलिसी लेता है तो लगभग 1,750 रुपये मासिक प्रीमियम देना होगा। कुल जमा राशि करीब 8.14 लाख रुपये और परिपक्वता पर बोनस सहित अनुमानित राशि करीब 30.80 लाख रुपये बताई गई है।

इसी तरह 30 वर्ष की आयु में 60 वर्ष तक की अवधि के लिए मासिक प्रीमियम करीब 2,550 रुपये बताया गया है। इसमें लगभग 8.90 लाख रुपये जमा करने पर परिपक्वता राशि करीब 25.60 लाख रुपये होने का उदाहरण दिया गया है।

उन्होंने पात्र लोगों से नजदीकी डाकघर में संपर्क कर अपनी आयु और जरूरत के अनुसार योजना की पूरी जानकारी लेने की अपील की।