रात करीब 10 बजे तेज आवाज से सहमा इलाका, धमाके के बाद डस्टबिन हुआ चकनाचूर
बेतिया : शनिवार की रात बेतिया शहर का बेलबाग चौक रोज की तरह लोगों की आवाजाही से गुलजार था। इसी बीच रात करीब 10 बजे एक मिष्ठान प्रतिष्ठान के समीप फुटपाथ पर लगे मोमोज के ठेले के पास अचानक हुए जोरदार धमाके ने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोग सहम गए और कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई। धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मोमोज के ठेले के पास रखा डस्टबिन चकनाचूर हो गया और आसपास धुआं फैल गया। घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच तेज कर दी है।
धमाके की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष सम्राट सिंह, अपर थानाध्यक्ष कंचन भास्कर और नगर थानाध्यक्ष धीरज कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। धमाका किस चीज से हुआ और इसके पीछे किसी की शरारत थी या कोई दूसरी वजह, इसका पता लगाने के लिए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
एफएसएल की टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास बिखरे अवशेषों की जांच की। टीम ने मौके से आवश्यक नमूने भी एकत्र किए हैं। अब इन नमूनों की जांच से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि धमाके में किस तरह की सामग्री का इस्तेमाल हुआ था।
मिष्ठान प्रतिष्ठान के संचालक ने पुलिस को बताया कि शनिवार की रात वह दुकान के अंदर मौजूद थे। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। आवाज इतनी तेज थी कि वह तत्काल दुकान से बाहर निकले। बाहर आने पर आसपास धुआं फैला हुआ था और मोमोज के ठेले के समीप रखा डस्टबिन क्षतिग्रस्त होकर चकनाचूर हो चुका था।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में तीन संदिग्ध युवकों की गतिविधियां सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि तीन युवक स्कूटी से घटनास्थल के आसपास पहुंचे थे और उन्होंने सड़क के पश्चिमी छोर पर स्कूटी खड़ी की थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि धमाके से पहले और बाद में इन युवकों की गतिविधियां क्या थीं और उनका इस घटना से कोई संबंध है या नहीं।
हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में तेज आवाज वाले पटाखे के इस्तेमाल की आशंका भी जताई जा रही है। फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले एफएसएल की जांच रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही धमाके की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद बेलबाग चौक और आसपास के इलाकों में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीनों संदिग्ध युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।