गणेश धर द्विवेदी

शासन के निर्देश पर शुक्रवार को जनपद की सभी तहसीलों में राज्यस्तरीय मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया गया। इस दौरान भूकंप, औद्योगिक (रासायनिक) दुर्घटना और अग्नि सुरक्षा से संबंधित आपदा परिस्थितियों का अभ्यास कर प्रशासन की तैयारियों, राहत एवं बचाव कार्यों की दक्षता तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को परखा गया। अभ्यास के माध्यम से नागरिकों को आपदा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और सुरक्षा उपायों के प्रति भी जागरूक किया गया।

मॉक एक्सरसाइज में राजस्व, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, शिक्षा, नगर निकाय, लोक निर्माण विभाग, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सहित अन्य संबंधित विभागों ने सक्रिय सहभागिता की। अभ्यास के दौरान प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने तथा आग पर नियंत्रण पाने की प्रक्रियाओं का प्रदर्शन किया गया।जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) पंकज प्रकाश राठौड़ ने संबंधित विभागों को आपदा की स्थिति से निपटने के लिए पूर्व से तैयार रहने और आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

तहसील सदर में भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल), बैतालपुर डिपो में तहसीलदार अलका सिंह के नेतृत्व में अभ्यास हुआ। बरहज तहसील में बीआरडीपीजी कॉलेज में उपजिलाधिकारी प्रवीण कुमार, रुद्रपुर में सतासी इंटर कॉलेज में उपजिलाधिकारी राजकुमार गुप्ता, सलेमपुर में सेंट पॉल पब्लिक स्कूल में उपजिलाधिकारी क्षितिज द्विवेदी तथा भाटपाररानी तहसील परिसर में उपजिलाधिकारी दीपराज सिंह के नेतृत्व में मॉक एक्सरसाइज संपन्न हुई।

जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (डीईओसी) में अपर जिलाधिकारी पंकज प्रकाश राठौड़ ने इन्सीडेंट कमांडर की भूमिका निभाई। आपदा विशेषज्ञ पंकज कुमार ने सभी विभागों एवं तहसीलों के बीच समन्वय स्थापित किया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी अरुण कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और आपदा कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे।