गणेश धर द्विवेदी
डिजिटल भुगतान से जुड़े संभावित शुल्क के विरोध में शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय के निर्देश पर कांग्रेस कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गिफ्ट लेकर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के राघवनगर स्थित आवास की ओर रवाना हुए। टाउन हॉल स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय से निकले कार्यकर्ताओं का नेतृत्व जिलाध्यक्ष विजय शेखर मल्ल ‘रोशन’ ने किया।
कांग्रेसजनों का कहना था कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने वाली व्यवस्था आम जनता और छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ का माध्यम नहीं बननी चाहिए। इसी संदेश को सरकार तक पहुंचाने के लिए मंत्री आवास पर गिफ्ट देने का कार्यक्रम तय किया गया था।
कार्यकर्ताओं के मंत्री आवास की ओर बढ़ने की सूचना पर टाउन हॉल परिसर के मुख्य गेट पर पुलिस प्रशासन ने उन्हें रोक लिया। सीओ सिटी संजय रेड्डी के नेतृत्व में पुलिस बल की मौजूदगी में कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच काफी देर तक बातचीत और गहमागहमी होती रही। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वे किसी टकराव के लिए नहीं, बल्कि व्यापारी हित, उपभोक्ता हित और आर्थिक न्याय से जुड़े सवाल सरकार तक पहुंचाने के लिए आगे बढ़ रहे हैं।काफी देर चली मशक्कत के बाद एडीएम प्रशासन प्रेमनारायण सिंह ने कांग्रेसजनों द्वारा लाए गए गिफ्ट स्वीकार किए। उन्होंने आश्वासन दिया कि इन्हें कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के माध्यम से केंद्र सरकार तक पहुंचा दिया जाएगा।
जिलाध्यक्ष विजय शेखर मल्ल ‘रोशन’ ने कहा कि व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। महंगाई और आर्थिक दबाव के बीच डिजिटल लेन-देन से जुड़े किसी भी प्रस्तावित शुल्क पर सरकार को व्यापारियों और आम जनता की चिंताओं का स्पष्ट जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लोकतांत्रिक तरीके से उठाती रहेगी।
इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष सुयश मणि त्रिपाठी, धर्मेंद्र सिंह, मिर्जा खुर्शीद अहमद, अरविंद शाही, जयप्रकाश धनगर, अब्दुल जब्बार, डॉ. धर्मेंद्र पांडेय, संजीव कुमार मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।
