बक्सर से भी दो संदिग्ध शूटरों को बंगाल पुलिस ने उठाया
स्टेट ब्यूरो, लखनऊ
खबर है कि पश्चिम बंगाल के चर्चित शुभेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड में बंगाल पुलिस ने बलिया के राज सिंह को लखनऊ से लौटते समय अयोध्या से गिरफ्तार कर लिया है। राज सिंह बलिया जिले के आनंद नगर के निवासी बताए जा रहे हैं। उधर, इस हत्याकांड का तार बक्सर से भी जुड़ा है, यहां से भी बंगाल पुलिस दो संदिग्ध शूटर मयंक राज मिश्रा और विक्की मौर्या को भी गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के बाद बंगाल पुलिस तीनों को अपने साथ ले गई।
सूत्रों के अनुसार, बंगाल पुलिस कई दिनों से राज सिंह की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। रविवार देर रात पुलिस टीम ने उसे अयोध्या में दबोच लिया और पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही बलिया सहित पूर्वांचल में चर्चाओं का बाजार हो गया।
बताया जा रहा है कि राज सिंह सभासद का चुनाव भी लड़ चुका है। कुछ वर्ष पूर्व सदर कोतवाली क्षेत्र में एक अंडा दुकानदार को गोली मारने के मामले में भी उसका नाम सामने आया था। इस मामले में आरोपी रहा है। हालांकि पुलिस अधिकारी फिलहाल इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान देने से बच रहे हैं। बंगाल पुलिस की कार्रवाई के बाद बलिया पुलिस सतर्क हो गई है। स्थानीय पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।