शासनादेश जारी, संबंधित जिलाधिकारियों को 24 घंटे के भीतर प्रभावित परिवारों को राहत सहायता धनराशि वितरित करने का निर्देश
लखनऊ। खबर है कि योगी सरकार ने बारिश और ओलावृष्टि से हुए नुकसान की भरपाई के लिए 46 करोड़ 28 लाख की राहत सहायता धनराशि आवंटित कर दी है। इस संबंध में प्रमुख सचिव राजस्व अपर्णा यू ने बताया है कि प्रदेश में विभिन्न आपदाओं से प्रभावित होने वाले व्यक्तियों, परिवारों और कृषकों को 46 करोड़ 28 लाख रुपए की राहत सहायता धनराशि आवंटित कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि शासनादेश जारी कर दिया गया है। संबंधित जिलाधिकारियों को 24 घंटे के भीतर प्रभावित परिवारों को राहत सहायता धनराशि वितरित करने का निर्देश दिया गया है।
जारी अपने बयान में प्रमुख सचिव राजस्व ने बताया है कि ओलावृष्टि से प्रभावित परिवारों के लिए 17 करोड़ 95 लाख, अग्निकांड से प्रभावित परिवारों के लिए 6 करोड़ 32 लाख और विभिन्न आपदाओं से प्रभावित परिवारों के लिए 22 करोड़ 17 हजार धनराशि जारी की गई है।
उन्होंने बताया कि बारिश और ओलावृष्टि से हुए नुकसान की समीक्षा करते हए कहा कि शासन द्वारा जनपदों को पर्याप्त बजट आवंटित कर दिया गया है। यदि किसी जनपद के पास धनराशि की कमी हो तो तत्काल डिमांड कर लें।
