युवाओं ने दिया स्वस्थ और राष्ट्र समर्पण का संदेश
गणेश धर द्विवेदी
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से संघ शताब्दी वर्ष के अवसर पर रविवार को पावन खिंड दौड़ का आयोजन किया गया। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), देवरिया से एसएसबीएल इंटर कॉलेज तक आयोजित 4.4 किलोमीटर दौड़ में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। दौड़ के माध्यम से युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन, शारीरिक स्वास्थ्य और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को प्रोत्साहित किया गया।
प्रतियोगिता के बालक वर्ग में रितेश निषाद ने प्रथम, रोहित कुमार ने द्वितीय तथा रोहित यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, बालिका वर्ग में काजल पासवान ने प्रथम, आँचल पासवान ने द्वितीय और आँचल निषाद ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि प्रांत कार्यवाह विनय ने नगद पुरस्कार और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला संघचालक मकसूदन मिश्र ने की। इस अवसर पर प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए प्रांत कार्यवाह विनय ने पावन खिंड के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पावन खिंड का संबंध छत्रपति शिवाजी महाराज के साहस और संघर्ष से है। शिवाजी महाराज को आदिलशाही सेना से सुरक्षित निकालने के लिए मराठा वीरों ने अदम्य साहस और बलिदान का परिचय दिया था।
