- परिजनों का आरोप इंजेक्शन के बाद बिगड़ी हालत और हुई मौत। अस्पताल में हंगामा मारपीट से अफरातफरी, पुलिस ने संभाली स्थिति
मुजफ्फरपुर : एसकेएमसीएच में एक मरीज की मौत के बाद शनिवार की सुबह अस्पताल परिसर अचानक तनाव और हंगामे का केंद्र बन गया। इलाज के दौरान युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और देखते ही देखते माहौल इतना बिगड़ गया कि अस्पताल में अफरा तफरी मच गई। इस दौरान चिकित्साकर्मियों और परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जो आगे चलकर मारपीट में बदल गई।
मामला बोचहा थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जहां शुक्रवार को एनएच 57 पर सड़क हादसे में साला बहनोई दोनों घायल हो गए थे। इस दुर्घटना में बोचहां के सूर्याही निवासी संतोष पासवान के साला विकास कुमार की उसी दिन इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जबकि 26 वर्षीय संतोष पासवान को गंभीर हालत में एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया था। शनिवार की सुबह संतोष पासवान की भी इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों का आक्रोश भड़क उठा।
परिजनों का आरोप है कि मरीज को एक इंजेक्शन दिए जाने के तुरंत बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। उनका कहना है कि इंजेक्शन लगाने से पहले वह सामान्य रूप से बातचीत कर रहा था। जब उन्होंने चिकित्साकर्मियों से इंजेक्शन के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की तो उन्हें सही जवाब देने के बजाय डांटकर बाहर कर दिया गया। इससे परिजनों का गुस्सा और बढ़ गया और वे शोर मचाने लगे।
आरोप यह भी है कि इस दौरान कुछ डॉक्टरों को बुलाया गया, जिन्होंने मौके पर पहुंचने के बाद परिजनों के साथ धक्का मुक्की और मारपीट की। परिजनों का कहना है कि इस घटना में एक वृद्ध पिता को भी उठाकर पटक दिया गया, जिससे कई लोग घायल हो गए। अस्पताल में मौजूद सुरक्षा गार्ड भी स्थिति को देखते हुए पीछे हट गए, जिससे हालात और बिगड़ गए।
स्थिति की गंभीरता की सूचना मिलते ही मेडिकल ओपी प्रभारी राजकुमार गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और किसी तरह हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने परिजनों को शांत कराया और अस्पताल परिसर में व्यवस्था बहाल कराई।
मेडिकल ओपी प्रभारी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और सभी पक्षों से जानकारी ली जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस ने परिजनों का बयान दर्ज कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ समय तक तनाव बना रहा, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य कर ली गई।
