126, 140 और 30 सीटों पर एक ही चरण में वोटिंग, लाखों मतदाता कर रहे फैसला
नई दिल्ली। असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में आज विधानसभा चुनाव के लिए एक साथ मतदान जारी है। कुल 296 सीटों-असम की 126, केरल की 140 और पुडुचेरी की 30 पर वोट डाले जा रहे हैं। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें नजर आ रही हैं और लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदाताओं का उत्साह साफ दिखाई दे रहा है।
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीनों क्षेत्रों के मतदाताओं से रिकॉर्ड मतदान करने की अपील की है। उन्होंने खास तौर पर महिलाओं और युवाओं से बड़ी संख्या में वोट डालने का आग्रह करते हुए कहा कि उनकी भागीदारी लोकतंत्र को नई ऊर्जा देगी और राज्यों के भविष्य को मजबूत बनाएगी। अगर आंकड़ों पर नजर डालें तो पुडुचेरी में लगभग 95 लाख मतदाता 294 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला कर रहे हैं। वहीं असम में 722 और केरल में 883 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। तीनों क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और हजारों पुलिसकर्मी तथा केंद्रीय बल तैनात हैं।
असम में सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ। मतदान से पहले मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने अपने आवास पर पूजा-अर्चना कर राज्य के बेहतर भविष्य की कामना की। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए लोगों से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की और कहा कि हर वोट असम को नई दिशा देगा।
राज्य के अलग-अलग इलाकों में मतदाताओं का उत्साह देखने को मिला। जालुकबारी में पहली बार वोट डालने पहुंचे एक युवा ने विकास को प्राथमिकता बताया, वहीं कामरूप में मतदाताओं ने उम्मीदवारों के काम के आधार पर वोट देने की बात कही।
केरल में भी 140 सीटों पर मतदान जारी है, जहां नई सरकार के गठन के लिए लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लोगों से ऐसी सरकार चुनने की अपील की जो सुनती, समझती और काम करती हो। उन्होंने बेरोजगारी और आर्थिक चुनौतियों का जिक्र करते हुए बड़े पैमाने पर मतदान की जरूरत बताई।
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी मतदाताओं से बदलाव के लिए वोट करने का आह्वान किया। कहा कि केरल के लोग जवाबदेह और संवेदनशील सरकार के हकदार हैं। केंद्र सरकार की ओर से भी लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया गया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने नागरिकों से अपने लोकतांत्रिक अधिकार का उपयोग करने की अपील की।
इस बीच केरल में कई हाईप्रोफाइल नेताओं ने मतदान किया। इनमें मुख्यमंत्री पिनरई विजयन से जुड़े मंत्री पीए मोहम्मद रियास, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सनी जोसेफ, विपक्ष के नेता वीडी सतीशन, केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी और सांसद हिबी ईडन शामिल रहे। पुडुचेरी में इस बार चुनाव के दौरान तकनीक की खास झलक देखने को मिली। यहां ‘नीला’ नाम का रोबोट मतदान केंद्र पर आने वाले लोगों का स्वागत कर रहा है। यह रोबोट आवाज पहचानने और कमांड के अनुसार प्रतिक्रिया देने में सक्षम है और इसे विभिन्न आयोजनों में उपयोग किया जाता रहा है।
तीनों क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है और अब सबकी नजर 4 मई को होने वाली मतगणना पर टिकी है, जो इन राज्यों की राजनीतिक तस्वीर साफ करेगी।
