भाजपा जिलाध्यक्ष ने जयंती पर किया माल्यार्पण, सामाजिक समरसता और भाईचारे का लिया संकल्प

गणेश धर द्विवेदी- वाल्मीकि जयंती के अवसर पर सोमवार को जिला भाजपा कार्यालय औरा-चौरी में श्रद्धा और सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद ने आदिकवि महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष काली प्रसाद ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि भारतीय संस्कृति, साहित्य और आध्यात्मिक चेतना के महान प्रतीक हैं। उन्हें आदिकवि के रूप में प्रतिष्ठा प्राप्त है। उनकी कालजयी रचना रामायण भारतीय समाज को मर्यादा, सत्य, त्याग, करुणा, कर्तव्यनिष्ठा और आदर्श जीवन का संदेश देती है। महर्षि वाल्मीकि के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और समाज को नैतिकता एवं संस्कारों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।

जिला महामंत्री कृष्णनाथ राय ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन ज्ञान, साधना, दृढ़ संकल्प और सकारात्मक सोच की अद्भुत मिसाल है। उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में सामाजिक समरसता, समानता, सद्भाव और आपसी भाईचारे को मजबूत किया जा सकता है।

जिला उपाध्यक्ष अजीत सिंह ने कहा कि महापुरुषों के विचार समाज को नई दिशा देने का कार्य करते हैं। महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाएं हमें मानवीय मूल्यों और सामाजिक एकता के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देती हैं। उनके जीवन दर्शन से प्रेरणा लेकर समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान और उत्थान के लिए प्रयास करना चाहिए।

कार्यक्रम में जिला महामंत्री कृष्णनाथ राय, जिला उपाध्यक्ष अजीत सिंह, बबिता चौहान, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष आराधना पाण्डेय, डॉ. रामप्यारे प्रसाद, सूरज वाल्मीकि, राहुल कुमार, शुभम मणि त्रिपाठी, सरिता पाण्डेय सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।