देवरिया पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने अभिलेखों की खामियां खंगालीं, फरियादियों को त्वरित न्याय का अल्टीमेटम

गणेश धर द्विवेदी

देवरिया पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने सोमवार को थाना सुरौली का औचक निरीक्षण कर पुलिसिंग की जमीनी हकीकत परखी। एसपी के अचानक थाने पहुंचते ही पुलिसकर्मियों में हलचल मच गई। उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालयीय व्यवस्था, अभिलेखों के रख-रखाव और पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि पुलिसिंग में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एसपी ने थाना कार्यालय में रखे महत्वपूर्ण अभिलेखों का गहन निरीक्षण किया। आगंतुक रजिस्टर, महिला हेल्प डेस्क रजिस्टर समेत अन्य दस्तावेजों को देखा और विभिन्न प्रार्थना पत्रों पर हुई कार्रवाई की स्थिति जानी। उन्होंने निर्देश दिया कि थाने पहुंचने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत गंभीरता से सुनी जाए और समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

महिला हेल्प डेस्क की समीक्षा के दौरान एसपी ने महिला एवं बालिकाओं से संबंधित शिकायतों में संवेदनशीलता के साथ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मिशन शक्ति अभियान को प्रभावी बनाने तथा पीड़िताओं को आवश्यक सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने को कहा।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने संतरी ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। थाना परिसर की सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक न होने देने और आकस्मिक परिस्थितियों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। शस्त्रों की स्थिति और उनके रख-रखाव की भी जांच की गई।

एसपी ने अपराधियों पर प्रभावी शिकंजा कसने, लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने, वांछितों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी तेज करने तथा आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के निर्देश दिए।