जिले के खेल जगत के लिए गर्व का क्षण : देवरिया के दो प्रतिभाशाली तैराक अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का करेंगे प्रतिनिधित्व

गणेश धर द्विवेदी

जिले के खेल जगत के लिए गर्व का क्षण है। देवरिया के दो प्रतिभाशाली तैराक अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। डिस्ट्रिक्ट स्विमिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष गंगतेश्वर सिंह और सचिव देवानंद भारती का चयन बेंगलुरु में आयोजित होने वाली द्वितीय एशिया मास्टर तैराकी चैंपियनशिप के लिए भारतीय दल में हुआ है। दोनों खिलाड़ी प्रतियोगिता में देश की जर्सी पहनकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

बेंगलुरु में आयोजित यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 10 अक्टूबर तक चलेगी। राष्ट्रीय मास्टर तैराकी चैंपियनशिप में दोनों खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए उनका चयन भारतीय टीम के लिए किया गया है। चयन की खबर मिलते ही जिले के खेल प्रेमियों और तैराकी से जुड़े खिलाड़ियों में खुशी की लहर दौड़ गई। दोनों तैराक प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए बेंगलुरु पहुंच चुके हैं और देश के लिए बेहतर प्रदर्शन करने को लेकर उत्साहित हैं।

गंगतेश्वर सिंह और देवानंद भारती लंबे समय से तैराकी को बढ़ावा देने के साथ ही जिले के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और मंच उपलब्ध कराने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। अब उनका अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन जिले में तैराकी के बढ़ते प्रभाव और खिलाड़ियों की प्रतिभा का प्रमाण माना जा रहा है।

डिस्ट्रिक्ट स्विमिंग एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने दोनों खिलाड़ियों के चयन पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन के बाद अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचना दोनों के परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि गंगेश्वर सिंह और देवानंद भारती एशिया मास्टर तैराकी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर देश और देवरिया का नाम रोशन करेंगे। दोनों तैराकों के चयन से जिले के युवा खिलाड़ियों में भी उत्साह है। खेल प्रेमियों ने उम्मीद जताई कि उनकी उपलब्धि से देवरिया में तैराकी के प्रति युवाओं का रुझान और बढ़ेगा।