सुभाष चौक पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर हुई नारेबाजी, सड़क जाम करने की कोशिश पर पुलिस ने संभाला मोर्चा

गणेश धर द्विवेदी

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में मंगलवार को देवरिया में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ता सुभाष चौक पर जुटे और केंद्र की भाजपा सरकार तथा चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान माहौल काफी गरम रहा। कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम करने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें हटाया।

प्रदर्शन दोपहर करीब दो बजे तक जारी रहा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाया। इस दौरान रुद्रपुर के पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह उर्फ खोखा सिंह और इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अवनीश यादव समेत करीब छह सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस सभी को वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गई।

सपा कार्यकर्ताओं का आरोप था कि दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्षी सांसदों के शांतिपूर्ण मार्च को रोक दिया गया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि इंडिया गठबंधन के सांसद ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ के तहत अपनी आवाज उठाने निकले थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया और कई नेताओं को हिरासत में ले लिया।

कार्यकर्ताओं के मुताबिक, दिल्ली में विपक्ष का प्रदर्शन विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर जताई जा रही आपत्तियों से जुड़ा है। उनका आरोप है कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले विपक्षी नेताओं को रोकना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है।

देवरिया में प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार तथा चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। सड़क पर प्रदर्शन और पुलिस की कार्रवाई के चलते कुछ समय के लिए सुभाष चौक पर राजनीतिक माहौल गरमा गया।