सभी खिलाड़ी अर्टिगा कार से लखनऊ से देवरिया जा रहे थे

गणेश धर द्विवेदी

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बुधवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में तीन खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सभी खिलाड़ी अर्टिगा कार से लखनऊ से देवरिया के तरफ रहे थे। बल्दीराय थाना क्षेत्र में सुबह करीब पांच बजे तेज रफ्तार कार पीछे से ट्रक में जा घुसी। प्रारंभिक जांच में झपकी आने को हादसे की वजह माना जा रहा है।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद राहगीरों और यूपी-112 के सुरक्षाकर्मियों ने कार के गेट तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। सभी को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन खिलाड़ियों को मृत घोषित कर दिया। तीन घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें अयोध्या मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार कार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे थी। आशंका है कि चालक को झपकी आने के कारण कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में जा भिड़ी। हादसे की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात भी सामान्य कराया गया।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान देवरिया निवासी नित्या प्रजापति (22), बिट्टू तिवारी (20) और भागलपुर निवासी पवन चौरसिया (24) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में देवरिया निवासी आनंद यादव (23), राजू (22) और पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के जयंतो शर्मा (30) शामिल हैं। तीन युवा खिलाड़ियों की एक साथ मौत की खबर से देवरिया में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों को सूचना मिलते ही घरों में कोहराम मच गया।