15 साल की रक्सौल की अक्षरा गुप्ता को लगातार दूसरी बार मिली बिहार अंडर-19 महिला टीम की कमान। जूली को बनाया गया उपकप्तान, बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने सत्र 2026-27 के लिए घोषित की 15 सदस्यीय टीम
रक्सौल, पूर्वी चंपारण। बल्ले से नाबाद 306 रन की ऐतिहासिक पारी खेलकर देशभर में सुर्खियां बटोरने वाली रक्सौल की 15 वर्षीय अक्षरा गुप्ता अब एक बार फिर कप्तानी की जिम्मेदारी संभालेंगी। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) ने सत्र 2026-27 के लिए बिहार अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम की घोषणा करते हुए अक्षरा को लगातार दूसरे वर्ष कप्तान बनाया है। जूली को उपकप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कम उम्र में अपनी बल्लेबाजी से अलग पहचान बना चुकीं अक्षरा के सामने अब टीम को बेहतर प्रदर्शन की राह पर ले जाने की चुनौती होगी। बिहार अंडर-19 महिला टी-20 टीम का पहला मुकाबला 9 अक्टूबर 2026 को मुंबई में उत्तर प्रदेश के खिलाफ होगा।
बीसीए की ओर से घोषित 15 सदस्यीय टीम में कप्तान अक्षरा गुप्ता के अलावा प्रतिभा कुमारी, संतोषी, सलोनी कुमारी, साक्षी सिंह, दीपा कुमारी (विकेटकीपर-बल्लेबाज), नंदिनी यादव, स्वीटी कुमारी, जूली (उपकप्तान), सिद्धि, रिशु, साग्रिका, सौम्या ऋत्वरी, अनुष्का सिंह और नेहा चौधरी को शामिल किया गया है।
इसके अलावा पांच खिलाड़ियों को स्टैंडबाय में रखा गया है। इनमें हर्षिता, कृति कनक, प्रिया राय, लक्की कुमारी और मुस्कान कुमारी वर्मा शामिल हैं।
अक्षरा के लिए लगातार दूसरी बार बिहार टीम की कप्तानी मिलना एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। नाबाद 306 रन की ऐतिहासिक पारी से अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवाने के बाद अब उनकी नजर कप्तान के रूप में टीम को टी-20 प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन दिलाने पर होगी। मैदान पर बल्ले के साथ नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने जा रहीं अक्षरा से बिहार के क्रिकेट प्रेमियों को भी काफी उम्मीदें हैं।
