गणेश धर द्विवेदी
अगर आप देवरिया की सड़कों पर गाड़ियों को हवाई जहाज समझकर दौड़ा रहे हैं या यातायात नियमों को धता बता रहे हैं, तो सावधान हो जाइए! देवरिया पुलिस ने सड़क पर हुड़दंग मचाने और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आर-पार की जंग छेड़ दी है। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के कड़े निर्देशों पर आज जनपद की सड़कों पर पुलिस का चाबुक जोर-शोर से चला।
यातायात प्रभारी गुलाब सिंह की अगुवाई में चले इस विशेष अभियान में सलेमपुर मार्ग पर आधुनिक इंटरसेप्टर वाहन और स्पीड लेजर गन के साथ पुलिस की टीम तैनात रही। तेज रफ्तार का शौक पालने वाले वाहन चालकों को पुलिस ने स्पीड गन से ट्रेस कर ऑन द स्पॉट धर दबोचा और उनके लंबे-चौड़े चालान काटे।
नो-पार्किंग और बिना हेलमेट वालों की खैर नहीं
कार्रवाई का यह चक्रव्यूह केवल सलेमपुर मार्ग तक ही सीमित नहीं रहा। पूर्वा तिराहा, मालवीय रोड, रोडवेज बस स्टैंड, साकेत नगर, न्यू कॉलोनी और भटवलिया चौराहे पर पुलिस ने चौतरफा घेराबंदी की। बिना हेलमेट फर्राटा भरने वाले युवाओं, ट्रिपल राइडिंग करने वालों और गाड़ियों पर गलत नंबर प्लेट लगाकर घूमने वालों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई। वहीं, सड़कों पर अवैध रूप से गाड़ियां खड़ी कर जाम का कारण बनने वालों पर भी पुलिस का डंडा चला।

356 गाड़ियों का चालान, 03 गाड़ियां सीज
देवरिया पुलिस के इस आक्रामक अभियान से नियम तोड़ने वालों में हड़कंप मच गया। पूरे अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुल 356 वाहनों का भारी-भरकम चालान किया गया, जबकि गंभीर उल्लंघन में लिप्त 03 वाहनों को सीधे सीज कर थाने भेज दिया गया।
पुलिस प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि ओवरस्पीडिंग और लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी। अगर अपनी और दूसरों की जान प्यारी है, तो गति सीमा में रहें, हेलमेट-सीटबेल्ट का अनिवार्य इस्तेमाल करें और सड़कों को पार्किंग समझने की भूल न करें। देवरिया पुलिस का यह एक्शन आगे भी इसी आक्रामकता के साथ जारी रहेगा।
