इलाके की घेराबंदी कर हमलावरों की तलाश में बड़ा सर्च ऑपरेशन
नागालैंड के चुमौकेदिमा इलाके में आज हुए संदिग्ध आईईडी धमाके में असम राइफल्स का एक जवान देश के लिए शहीद हो गया, जबकि चार अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। अचानक हुए जोरदार विस्फोट के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर हमलावरों की तलाश में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना संदिग्ध आईईडी विस्फोट की है। असम राइफल्स के जवान एक बोलेरो एसयूवी में सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से प्लांट किए गए आईईडी में जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट की चपेट में जवानों की गाड़ी आ गई।
धमाके में असम राइफल्स के एक जवान शहीद हो गए, जबकि चार अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तत्काल बाद सभी घायल जवानों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
यह घटना असम और नागालैंड की सीमा के पास हुई है। इसी इलाके में असम राइफल्स का एक ट्रेनिंग सेंटर भी मौजूद है। संदिग्ध आईईडी धमाके के बाद सुरक्षा बल तत्काल सक्रिय हो गए।
घटना के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को चारों तरफ से घेर लिया। हमलावरों को पकड़ने के लिए क्षेत्र में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
