मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें, लोकतंत्र के पर्व में जनता की भागीदारी, DMK सत्ता बचाने की कोशिश में, AIADMK-BJP बदलाव के मूड में

सेंट्रल डेस्क, नई दिल्ली

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार सुबह 7 बजे से राज्यभर में मतदान शुरू हो गया है। पूरे प्रदेश की 234 सीटों पर एक ही चरण में वोट डाले जा रहे हैं। इस चुनाव में करीब 5.73 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं, जो 4023 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। शुरुआती रुझानों के मुताबिक सुबह 9 बजे तक करीब 17.69 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।

इस बार का चुनाव बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि एक ओर मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के नेतृत्व में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम गठबंधन सत्ता में वापसी की कोशिश में है, वहीं दूसरी ओर AIADMK और भाजपा का गठबंधन उन्हें कड़ी चुनौती दे रहा है। इसके अलावा अभिनेता विजय की पार्टी TVK की एंट्री ने कई सीटों पर मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है, जिससे चुनावी समीकरण और जटिल हो गए हैं।

चुनाव प्रचार के दौरान स्टालिन ने तमिलनाडु को विकास का मॉडल राज्य बनाने की बात कही, जबकि AIADMK नेतृत्व ने खासकर युवाओं से सोच-समझकर मतदान करने की अपील की। राजनीतिक दलों के इन दावों के बीच अब फैसला मतदाताओं के हाथ में है।

मतदान के दिन राज्य में कई प्रमुख हस्तियों ने भी लोकतंत्र के इस पर्व में भाग लिया। सुपरस्टार रजनीकांत ने मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डाला। अभिनेता और राजनेता कमल हासन ने भी अपनी बेटी श्रुति हासन के साथ चेन्नई के एक स्कूल में मतदान किया। वहीं मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने अपने परिवार, जिसमें उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन भी शामिल हैं, के साथ मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डाला।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया के जरिए लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए आगे आने का आग्रह किया।

अब सभी की नजर 4 मई पर टिकी है, जब मतगणना के बाद यह साफ हो जाएगा कि तमिलनाडु की सत्ता किसके हाथ में जाएगी और क्या राज्य में राजनीतिक बदलाव होगा या मौजूदा सरकार को जनता फिर से मौका देगी।