नीतीश्वर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा। प्राचार्य प्रो. डॉ. प्रमोद कुमार ने युवाओं को समझाया तिरंगे के तीन रंगों का संदेश
मुजफ्फरपुर : नीतीश्वर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) और राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के संयुक्त तत्वावधान में भव्य एवं देशभक्ति से ओतप्रोत ‘तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) प्रमोद कुमार के नेतृत्व में महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर नगर के पानी टंकी चौक तक गई। हाथों में तिरंगा लिए छात्र-छात्राओं के देशभक्ति नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। इस गरिमामय आयोजन में महाविद्यालय के शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लिया।
पानी टंकी चौक पर यात्रा के समापन के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो. (डॉ.) प्रमोद कुमार ने तिरंगे के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हमारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा केवल वस्त्र का एक टुकड़ा या तीन रंगों का संगम मात्र नहीं है, बल्कि यह देश की आन, बान और शान के साथ देशवासियों के त्याग एवं समर्पण का जीवंत प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि तिरंगे का केसरिया रंग वीरता और साहस को दर्शाता है, सफेद रंग शांति और सत्य का मार्ग दिखाता है, जबकि हरा रंग देश की समृद्धि और खुशहाली का संदेश देता है। बीच में स्थित अशोक चक्र हमें निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा देता है।
प्राचार्य ने कहा कि इस प्रकार के अभियानों का मुख्य उद्देश्य युवाओं के हृदय में राष्ट्रप्रेम की भावना जगाना और उन्हें देश के गौरवशाली इतिहास तथा अमर शहीदों के बलिदान से जोड़ना है। उन्होंने विद्यार्थियों और कर्मचारियों से अपने दैनिक जीवन में राष्ट्रीय मूल्यों को अपनाने, देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का आह्वान किया।
मौके पर डॉ. ज्योति नारायण सिंह, डॉ. रवि रंजन, कामरान गनी सबा, किसलय किशोर, डॉ. बेबी कुमारी, डॉ. ऋतंभरा, डॉ. पूजा गुप्ता, डॉ. आर.पी. सिंह, डॉ. पंकज कुमार, डॉ. हुसैन दिल्ली, डॉ. अजीत, गणेश, डॉ. श्याम तिवारी, डॉ. नूतन और अभय कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद थे।