रक्षाबंधन पर पत्नी और बच्चों के साथ ससुराल जा रहा था युवक, रास्ते में पति-पत्नी के बीच हुई कहासुनी

UP : खबर बिजनौर जनपद से है। बताया जा रहा है कि रक्षाबंधन पर पत्नी और बच्चों को लेकर ससुराल के लिए निकला एक युवक रास्ते में ऐसा गुस्सा हुआ कि कथित तौर पर अपनी ही बाइक को आग के हवाले कर दिया। सड़क किनारे खड़ी अपाचे बाइक देखते ही देखते धू-धूकर जलने लगी। आग की लपटें उठीं तो आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ ही देर में बाइक बुरी तरह जल गई। अब इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, पुलिस की पूछताछ में युवक ने बाइक में खुद आग लगने का दावा किया है।

घटना शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे नांगल सोती थाना क्षेत्र के दहिरपुर में पंचायत घर के पास कब्रिस्तान के सामने की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार जटपुरा निवासी बबलू सैनी अपनी पत्नी और बच्चों के साथ अपाचे बाइक से कोट सराय स्थित ससुराल जा रहा था।

बताया जा रहा है कि रास्ते में किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर बबलू ने सड़क किनारे बाइक रोक दी। आरोप है कि गुस्से में उसने अपनी ही बाइक में आग लगा दी। आग लगते ही बाइक से तेज लपटें उठने लगीं और कुछ ही देर में वह बुरी तरह जल गई।

इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में सड़क किनारे बाइक आग की लपटों से घिरी दिखाई दे रही है। आसपास कुछ लोग भी खड़े नजर आ रहे हैं।

घटना की सूचना मिलने पर नांगल सोती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने संबंधित युवक से भी पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान युवक ने दावा किया कि उसने बाइक में आग नहीं लगाई, बल्कि आग अपने आप लगी थी।

युवक के दावे और सामने आई जानकारी में अंतर होने के कारण पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। वायरल वीडियो और घटना से जुड़े तथ्यों के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बाइक में आग आखिर कैसे लगी। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।