हाथ में चाकू देख बढ़ी चिंता, लोगों को दूर रहने की देती रही चेतावनी। कथित प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा मामला

रक्सौल (पूर्वी चंपारण) : नगर परिषद क्षेत्र के परेउवा वार्ड संख्या-1 में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बौधि माई स्थान के पास एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती की पहचान परेउवा निवासी नजमुद्दीन अंसारी की पुत्री रूबी के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर सैकड़ों लोग जुट गए और सड़क पर आवागमन भी बाधित हो गया।

सूचना मिलते ही हरैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए करीब तीन से चार घंटे तक मशक्कत की। रक्सौल सीओ अरविंद कुमार, एसआई कुमारी बिट्टू समेत अन्य पुलिसकर्मी माइक के जरिए लगातार युवती से शांत रहने और नीचे उतरने की अपील करते रहे।

पुलिस अधिकारियों ने युवती को भरोसा दिलाया कि उसकी मांगों पर बातचीत की जाएगी। पुलिस की ओर से यह भी कहा गया कि यदि वह किसी युवक से शादी करना चाहती है तो उसके परिजनों से बातचीत कर मामले का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

बताया जा रहा है कि युवती टावर के ऊपरी हिस्से पर चढ़ी थी और उसके हाथ में चाकू भी था। वह चाकू दिखाकर लोगों को दूर रहने की चेतावनी दे रही थी। स्थानीय लोगों के अनुसार मामला कथित प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है। चर्चा है कि युवती परेउवा निवासी विवेक नामक युवक से शादी करना चाहती थी और इसी मांग को लेकर टावर पर चढ़ी थी। हालांकि, पुलिस ने घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

भीड़ जुटने से पुलिस की बढ़ी चुनौती

युवती के टावर पर चढ़ने की सूचना तेजी से फैली और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान इलाके में आवागमन भी प्रभावित रहा।

स्थानीय लोगों ने मोबाइल टावर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि टावर पर कोई सुरक्षा कर्मी तैनात नहीं था। यदि सुरक्षा की व्यवस्था होती तो युवती को टावर पर चढ़ने से पहले ही रोका जा सकता था।

लगातार समझाने और बातचीत के बाद पुलिस को आखिरकार सफलता मिली। करीब तीन से चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली और मौके पर जमा भीड़ को हटाया गया।