घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई

गणेश धर द्विवेदी

देवरिया जनपद में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। जनपद के महुआनी चौराहे पर एक तेज रफ्तार टेलर ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

खबर के मुताबिक बताया गया कि देवरिया जिले के महुआनी चौराहे पर हुए भीषण सड़क हादसे में जिस युवक की दर्दनाक मौत होने की खबर है, उसकी पहचान जनपद के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के ग्राम गुड्डीजोर गांव निवासी 18 वर्षीय सोनू प्रसाद पुत्र रम्भू प्रसाद के रूप की गई है।

बताया जा रहा है कि सोनू अपने एक साथी के साथ बाइक पर सवार होकर देवरिया जा रहा था। इसी दौरान महुआनी चौराहे के पास एक तेज रफ्तार टेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतना भीषण था कि सोनू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। वहीं, मृतक युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस घटना के कारणों की जांच में जुटी है और टेलर चालक की तलाश कर रही है।