जनता दर्शन में जिलाधिकारी ने सुनीं फरियादियों की समस्या, डीएम ने कहा-समस्याओं का निस्तारण प्रभावी व गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित हो

गणेश धर द्विवेदी

देवरिया जनपद का कार्यभार संभालने के अगले दिन नवागत जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने जनता दर्शन में आने वाली समस्याओं के तत्काल निस्तारण के लिए एक नई पहल की है। उन्होंने अपने कार्यकक्ष में राजस्व विभाग के अधिकारियों की जूम लिंक तैयार कराई है। राजस्व विभाग से संबंधित समस्याओं के निस्तारण हेतु लिंक के माध्यम से संबंधित अधिकारियों से बात कर प्रकरणों को निस्तारित किए जाने के निर्देश दिए जा रहे हैं। इसकी बानगी गुरुवार को जनता दर्शन में देखी गई। जिलाधिकारी ने जिम्मेदारों को इस बात का निर्देश दिया है कि जनता की समस्याओं का निस्तारण प्रभावी और गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित होनी चाहिए।

गुरुवार को जिलाधिकारी जनता दर्शन के दौरान आए फरियादियों से मिले और उनकी समस्याओं को सुना। जनसुनवाई के दौरान यह देखने को मिला, कि जब ग्राम हरपुर निजाम निवासी दिव्यांग दम्पति रहमत अली व खुशबून अपनी जमीन से संबंधित फरियाद लेकर आए तो जिलाधिकारी उनकी दिव्यांगता को देखते हुए स्वयं उनके पास गए, फल का पैकेट भेंट किया। फिर उनकी जमीनी विवाद संबंधी समस्या को सुना। इसके बाद सदर एसडीएम को मौके पर जाकर राजस्व विभाग की टीम, जिसमें राजस्व निरीक्षक सहित दो लेखपालों को सम्मिलित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि वे मौके पर आज ही जाकर प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।

 इसके अलावा जिलाधिकारी ने दिव्यांग दम्पति से अन्य योजनाओं से मिल रहे लाभों की भी जानकारी ली। बताया गया कि आयुष्मान कार्ड बना है, परंतु खुशबून को दिव्यांग पेंशन नहीं मिल रही है। इस पर जिलाधिकारी ने जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी प्रियंका चौधरी को फोन कर बुलवाया तथा निर्देश दिया कि विकास खंड के माध्यम से त्वरित रूप से संबंधित अभिलेख प्राप्त कर उन्हें दिव्यांग पेंशन दिलाई जाए। इस दम्पति के साथ आई दो वर्षीय बच्ची को आंगनबाड़ी केंद्र भेजे जाने के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी आदिश मिश्रा को भी निर्देशित किया।

विकास खंड सलेमपुर अंतर्गत ग्राम जयराम कौड़िया निवासी फरियादी सीता देवी पत्नी दिनेश कनौजिया ने अपनी जमीनी विवाद से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। उनके साथ चार वर्षीय बच्ची अंशिका को देखकर जिलाधिकारी ने कहा कि बच्ची को स्कूल जाना चाहिए। सीता देवी ने बताया कि वह अभी कहीं पढ़ने नहीं जाती है। इस बच्ची को भी आंगनबाड़ी केंद्र भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे बच्चे आंगनबाड़ी केंद्र जाएंगे तो उनका बौद्धिक विकास होगा।

जिलाधिकारी ने जनता दर्शन प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के लिए जहां जूम लिंक की व्यवस्था बनाई है, वहीं सीधे तौर पर अधिकारियों के सीयूजी नंबर के व्हाट्सएप पर प्रकरण भेजने की भी पहल की है। उन्होंने सभी अधिकारियों को भी जन समस्याओं का निस्तारण में प्राथमिकता बरतने का निर्देश दिया है।