छह दशक पुराने द्रविड़ दलों के प्रभुत्व पर लगा विराम, कांग्रेस के समर्थन से गठबंधन सरकार का हुआ गठन
सेंट्रल डेस्क, नई दिल्ली
तमिलनाडु की राजनीति में रविवार को ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिला, जब तमिलगा वेट्री कझगम के प्रमुख और लोकप्रिय अभिनेता सी. जोसेफ विजय ने राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही राज्य में दशकों से चली आ रही डीएमके और एआईएडीएमके की बारी-बारी वाली सत्ता का दौर समाप्त हो गया। विजय के सत्ता संभालने को दक्षिण भारतीय राजनीति में एक बड़े राजनीतिक परिवर्तन के रूप में देखा जा रहा है।
चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में सुबह 10 बजे राज्यपाल ने विजय को मुख्यमंत्री पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके साथ नौ अन्य नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में बड़ी संख्या में समर्थक, राजनीतिक नेता और फिल्म जगत की हस्तियां मौजूद रहीं।
विजय की पार्टी टीवीके इस बार चुनाव में बड़ी ताकत बनकर उभरी और गठबंधन सहयोगियों के समर्थन से सरकार बनाने में सफल रही। कांग्रेस ने भी इस गठबंधन को समर्थन दिया है, जिसके बाद विजय ने बहुमत के साथ सरकार गठन का दावा पेश किया। पिछले कुछ दिनों से राज्य में सरकार गठन को लेकर राजनीतिक अनिश्चितता बनी हुई थी, लेकिन शनिवार शाम वीसीके और आईयूएमएल के समर्थन के बाद तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई। इन दलों के समर्थन से गठबंधन का आंकड़ा 120 विधायकों तक पहुंच गया।
राज्यपाल ने विजय को निर्देश दिया है कि वे 13 मई या उससे पहले विधानसभा में बहुमत साबित करें। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि विजय के लिए अब सबसे बड़ी चुनौती जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना और गठबंधन सरकार को स्थिर बनाए रखना होगी।
मुख्यमंत्री के साथ जिन नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली उनमें एन आनंद, आधव अर्जुन, डॉ केजी अरुणराज, केए सेंगोटेयन, पी वेंकटरमणन, आर निर्मलकुमार, राजमोहन, डॉ टीके प्रभु और सेल्वी एस कीर्तना शामिल हैं। नई सरकार में युवा चेहरों और अनुभवी नेताओं के बीच संतुलन बनाने की कोशिश साफ दिखाई दी।
फिल्मी दुनिया में अपार लोकप्रियता हासिल करने वाले विजय ने पिछले कुछ वर्षों में राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई थी। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और विकास जैसे मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाया। अब मुख्यमंत्री बनने के बाद लोगों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि वह अपनी राजनीतिक यात्रा को किस दिशा में आगे बढ़ाते हैं।

