सदन में तेजस्वी और सम्राट के बीच तीखी नोकझोंक, पाठशाला और बपौती पर वार पलटवार

स्टेट ब्यूरो, बिहार

बिहार विधानसभा में शुक्रवार को ऐसा घटनाक्रम देखने को मिला, जिसने प्रदेश की राजनीति और शिक्षा व्यवस्था दोनों को झकझोर कर रख दिया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सदन में एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अब मंत्री, विधायक और सरकारी अधिकारियों के बच्चों को सरकारी स्कूलों में ही पढ़ाई करनी होगी। इस बयान के सामने आते ही सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई और इसे नेपाल के चर्चित काठमांडू मॉडल से जोड़कर देखा जाने लगा।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि सरकारी व्यवस्था को सुधारना है तो शुरुआत शीर्ष स्तर से करनी होगी। उन्होंने कहा कि जब तक प्रभावशाली वर्ग अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में नहीं भेजेगा, तब तक शिक्षा व्यवस्था में वास्तविक सुधार संभव नहीं है। इस फैसले को वीआईपी कल्चर पर सीधा प्रहार माना जा रहा है और उम्मीद जताई जा रही है कि इससे सरकारी स्कूलों की स्थिति में बड़ा बदलाव आएगा।

इस दौरान सदन का माहौल उस समय और गरमा गया जब नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्हें चुना हुआ नहीं, बल्कि चयनित मुख्यमंत्री बताया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सम्राट चौधरी आज जिस कुर्सी पर बैठे हैं, वह लालू यादव की पाठशाला से निकले होने की वजह से है।

तेजस्वी के इस बयान पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को यह भ्रम है कि बिहार उनकी बपौती है, लेकिन अब यह सोच बदलनी होगी। उन्होंने दो टूक कहा कि यह सत्ता किसी की जागीर नहीं है, बल्कि 14 करोड़ बिहारियों के विश्वास का परिणाम है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नेपाल में बालेन शाह द्वारा लागू किए गए मॉडल की तर्ज पर यदि बिहार में यह व्यवस्था लागू होती है तो राज्य की शिक्षा प्रणाली में ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिल सकता है। वहां इस तरह के कदम के बाद सरकारी स्कूलों की स्थिति में सुधार की चर्चा देश और दुनिया में हुई थी।

फिलहाल इस ऐलान ने बिहार की राजनीति को गर्मा दिया है। अब देखना यह होगा कि यह फैसला जमीन पर उतरता है या केवल सियासी बयान बनकर रह जाता है, लेकिन इतना तय है कि इस मुद्दे ने शिक्षा और राजनीति दोनों को एक नई दिशा दे दी है।