भाजपा 95 सीटों पर आगे निकल गई, कांग्रेस 29 सीटों पर सिमटी, अन्य महज 2 सीटों पर

सेंट्रल डेस्क, नई दिल्ली

असम विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना के साथ ही राज्य की राजनीति में स्पष्ट तस्वीर उभरने लगी है। भारतीय जनता पार्टी ने जबरदस्त बढ़त बनाते हुए 95 सीटों पर बढ़त हासिल कर ली, जो बहुमत के लिए जरूरी 63 सीटों से काफी अधिक है। इसके मुकाबले कांग्रेस 29 सीटों पर ही सीमित नजर आई, जबकि अन्य दल सिर्फ 2 सीटों पर आगे रहे। रुझान लगातार भाजपा के पक्ष में ही बने हुए हैं, जिससे हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में पार्टी की हैट्रिक लगभग तय मानी जा रही है।

मतगणना शुरू होते ही दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में उत्सव का माहौल बन गया। जैसे ही असम सहित पांच राज्यों के रुझान आने लगे, वहां जलेबी और पूड़ी-सब्जी बननी शुरू हो गई। कार्यकर्ताओं के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और जीत की उम्मीद में मिठाइयों की तैयारी तेज हो गई।

राज्य की सभी 126 विधानसभा सीटों पर 9 अप्रैल को मतदान हुआ था। इस चुनाव में कुल 722 उम्मीदवार मैदान में थे, जिनकी किस्मत का फैसला आज हो रहा है। 35 जिलों के 40 मतगणना केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वोटों की गिनती जारी है। इस बार करीब 85.96 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो राज्य में भारी जनभागीदारी को दर्शाता है।

इस चुनाव का सबसे बड़ा राजनीतिक मुकाबला मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और कांग्रेस नेता गौरव गोगोई के बीच माना जा रहा है। सरमा 2001 से जलुकबाड़ी सीट से विधायक रहे हैं और लगातार अपनी जीत का अंतर बढ़ाते आए हैं। वहीं गौरव गोगोई पहली बार विधानसभा चुनाव में उतरे हैं और जोरहाट सीट से मैदान में हैं, जहां उनका मुकाबला भाजपा के टोपन गोगोई से है।