16 मतदान केंद्रों पर बनी रणनीति, प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों और शिक्षकों से व्यक्तिगत संपर्क कर समर्थन जुटाने पर जोर

गणेश धर द्विवेदी

गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। ध्रुव कुमार त्रिपाठी के समर्थन में आयोजित पार्टी की बैठक में शिक्षकों को एकजुट करने, संगठनात्मक समन्वय मजबूत बनाने और चुनाव अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने की रणनीति तैयार की गई। जनपद में 16 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां प्रभारी और संयोजक नियुक्त कर जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। बैठक के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि चुनाव में बेहतर परिणाम के लिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ जुटना होगा। उन्होंने प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों और शिक्षकों से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित कर प्रत्याशी के समर्थन में मतदान की अपील करने पर जोर दिया।

क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने कहा कि शिक्षक समाज से निरंतर संवाद स्थापित करना और उनकी समस्याओं व अपेक्षाओं को समझना जरूरी है। कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ चुनाव अभियान को आगे बढ़ाएं। सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण और नई पीढ़ी का भविष्य संवारने में महत्वपूर्ण बताते हुए चुनाव संबंधी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने की अपील की।

विधान परिषद सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मतदान केंद्रों की व्यवस्था और मतदाताओं से संपर्क चुनाव की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी प्रभारियों और संयोजकों से अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने को कहा।

बैठक में जानकारी दी गई कि जिला और विधानसभा स्तर पर चुनाव संचालन समितियों का गठन कर लिया गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद ने कार्यकर्ताओं से निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुसार काम करते हुए अधिक से अधिक शिक्षकों तक पहुंच बनाने का आह्वान किया।

बैठक का संचालन रमेश सिंह ने किया, जबकि समापन जिला पंचायत प्रशासक गिरीश चंद तिवारी ने किया। इस दौरान पूर्व सांसद रविंद्र कुशवाहा, निवर्तमान जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष मारकंडे शाही, अभियान के जिला संयोजक गिरिजेश सिंह, माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष दिनेश तिवारी सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।