सीएमएस ने मेडिकल कॉलेज में समयबद्ध उपचार व मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का दिया निर्देश

गणेश धर द्विवेदी

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एच. के. मिश्र ने महर्षि देवराहा बाबा स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी, विभिन्न वार्डों, एमसीएच विंग, दवा वितरण काउंटर, मरीज पंजीकरण काउंटर सहित अन्य व्यवस्थाओं का हाल जाना।

उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से संवाद कर दवा, उपचार व उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार समय से ड्यूटी पर उपस्थित होकर जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।

सीएमएस ने चिकित्सकों और कर्मचारियों को निर्धारित ड्रेस कोड का अनिवार्य रूप से पालन करने को कहा। कहा, मरीजों को समय पर उपचार व सभी अनुमन्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों एवं तीमारदारों के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार करने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि किसी भी मरीज को उपचार संबंधी असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।