दो अक्टूबर को सुबह 10 बजे चीनी मिल रोड स्थित दिव्य शक्ति मैरिज लॉन में होगी प्रतियोगिता

गणेश धर द्विवेदी

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल की ओर से देशभर में आयोजित की जा रही महात्मा गांधी क्विज प्रतियोगिता का आयोजन देवरिया में भी किया जाएगा। प्रतियोगिता दो अक्टूबर को सुबह 10 बजे चीनी मिल रोड स्थित दिव्य शक्ति मैरिज लॉन में होगी। इसमें 15 से 22 वर्ष की आयु के छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर सकेंगे।

टाउन हॉल स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में मीडिया से बातचीत में प्रतियोगिता के राष्ट्रीय संयोजक मानवेन्द्र तिवारी ने बताया कि प्रतियोगिता में महात्मा गांधी के जीवन, विचारों, स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान तथा सत्य, अहिंसा और सामाजिक सद्भाव जैसे मूल्यों से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रतिभागियों का पंजीकरण ऑनलाइन क्यूआर कोड और ऑफलाइन फार्म के माध्यम से कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता ओएमआर प्रणाली से होगी। परीक्षा के बाद परिणाम तत्काल घोषित करने का प्रयास किया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रक्रिया से परिचित कराने के साथ उनमें आत्मविश्वास, सामान्य ज्ञान और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।

जिलाध्यक्ष विजय शेखर मल्ल ‘रोशन’ ने कहा कि नई पीढ़ी को गांधी के जीवन और विचारों से जोड़ना आवश्यक है। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में परीक्षा के प्रति झिझक दूर करने और सकारात्मक सोच विकसित करने में मदद मिलेगी। जिला प्रवक्ता संजीव कुमार मिश्रा ने अभिभावकों, शिक्षकों और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष अब्दुल जब्बार, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय, सत्य प्रताप मिश्रा अंशु और शिव शंकर सिंह मौजूद रहे।