कांग्रेस नेताओं ने लगाया लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का आरोप

गणेश धर द्विवेदी

खबर मिली है कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर मंगलवार को अयोध्या में प्रस्तावित प्रभु श्रीराम के दर्शन-पूजन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने सोमवार देर शाम को ही हाउस अरेस्ट कर लिया, ताकि वे अयोध्या न पहुंच सके।

खबर के मुताबिक देवरिया के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मुकुंद भास्कर मणि त्रिपाठी को उनके आवास पर ही पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया। इस कार्रवाई के चलते जिले के कई कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता अयोध्या नहीं जा सकेंगे।

बताया जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल के साथ मंगलवार सुबह 11 बजे अयोध्या में प्रभु श्रीराम के दर्शन-पूजन के निर्धारित कार्यक्रम में देवरिया से भी बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता रवाना होने वाले थे। इससे पहले ही पुलिस ने कई नेताओं के घर पहुंचकर उन्हें नजरबंद कर दिया।

मुकुंद भास्कर मणि त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि देर रात पुलिस ने उनके आवास को घेरकर उन्हें बाहर निकलने से रोक दिया। वहीं, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय शेखर मल्ल 'रोशन' को भी उनके आवास पर पुलिस ने नजरबंद कर दिया।

कांग्रेस नेताओं ने इस कार्रवाई पर कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया। उनका कहना है कि शांतिपूर्ण एवं धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने से रोकना पूरी तरह अनुचित और अलोकतांत्रिक है।

जिला उपाध्यक्ष भरत मणि त्रिपाठी, जिला प्रवक्ता संजीव कुमार मिश्र और जिला महासचिव राकेश मल्ल 'पिंटू' ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि कांग्रेसजन लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई से लोकतंत्र की भावना को ठेस पहुंचती है और कांग्रेस पार्टी इसका लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखेगी।

बताया गया कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल के साथ 30 जून को जनकल्याण की कामना को लेकर अयोध्या में राम मंदिर में पूजा-अर्चना करने के लिए पत्र जारी किया था। प्रतिनिधि मंडल में अजय राय के अलावा अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा, सीतापुर सांसद राकेश राठौर, प्रयागराज सांसद उज्जवल रमण सिंह, बाराबंकी सांसद तनुज पुनिया, फरेंदा महराजगंज विधायाक वीरेंद्र चौधरी, बराबंकी के पूर्व सांसद, एपी गौतम, कुर्सी बराबंकी के पूर्व विधायक मीता गौतम, अमेठी से पूर्व विधान परिषद सदस्य दीपक सिंह का नाम प्रतिनिधि मंडल में शामिल था।