नवनियुक्त प्रभारी ने पार्टी का जताया आभार, कहा- यह दायित्व सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी है
गणेश धर द्विवेदी
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के 338 विधानसभा पथरदेवा के नवनियुक्त कोऑर्डिनेटर/प्रभारी राघवेंद्र राम द्विवेदी ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर, राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. अरविंद राजभर और राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता अरुण राजभर सहित वरिष्ठ नेतृत्व ने जिस भरोसे के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, उस खरा उतरते हुए वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ पार्टी का कार्य करेंगे।
उक्त बातें उन्होंने जारी अपने बयान में कही। कहा कि यह दायित्व उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाना, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ना, जनसंपर्क अभियान को गति देकर क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाना प्राथमिकता होगी।
कहा कि पथरदेवा विधानसभा में संगठन विस्तार, कार्यकर्ता सम्मान और जनता के बीच पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को पहुंचाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के सहयोग से विधानसभा क्षेत्र में संगठन को नई मजबूती प्रदान की जाएगी।
उन्होंने पार्टी के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों एवं क्षेत्र की जनता के प्रति भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग, मार्गदर्शन और समर्थन से संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का कार्य किया जाएगा।